लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
भरतपुर। अंतरराष्ट्रीय हालात और युद्ध की खबरों के बीच लोगों में गैस की संभावित कमी को लेकर चिंता बढ़ने लगी है। इसी आशंका के चलते भरतपुर में गैस एजेंसियों पर अचानक भीड़ बढ़ गई है और बड़ी संख्या में उपभोक्ता एडवांस में एलपीजी सिलेंडर भरवाने के लिए पहुंच रहे हैं।
हेतराम गैस एजेंसी के कर्मचारी छत्रपाल सिंह ने बताया कि हाल के दिनों में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चल रही तनावपूर्ण स्थितियों और युद्ध की खबरों का असर आम लोगों पर भी दिखाई दे रहा है। लोग एहतियात के तौर पर पहले से ही गैस सिलेंडर भरवाकर घर में रखने की कोशिश कर रहे हैं, ताकि भविष्य में किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
उन्होंने बताया कि आम दिनों में एजेंसी पर करीब 150 उपभोक्ता सिलेंडर लेने आते थे, लेकिन अब यह संख्या बढ़कर लगभग 500 तक पहुंच गई है। अचानक बढ़ी भीड़ के कारण एजेंसी पर लंबी कतारें लग रही हैं और कर्मचारियों को भी काम संभालने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
गैस एजेंसी संचालकों का कहना है कि फिलहाल गैस की आपूर्ति सामान्य है, लेकिन अफवाहों और आशंकाओं के कारण लोग पहले से ही सिलेंडर भरवाने के लिए बड़ी संख्या में पहुंच रहे हैं।



















































