लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
4 प्रत्याशियों को मिला ‘शून्य’ वोट
खुद का वोट भी नहीं डाल पाए प्रत्याशी, भाजपा प्रत्याशी समेत तीन निर्दलीयों का खाता नहीं खुला
रिपोर्ट: बनी सिंह मीना, गंगापुरसिटी/सवाई माधोपुर
गंगापुरसिटी/सवाई माधोपुर। वजीरपुर नगर पालिका चुनाव परिणाम में एक ऐसा अजब-गजब मामला सामने आया है, जिसने हर किसी को चौंका दिया। नगर पालिका चुनाव में चार प्रत्याशियों को एक भी मत नहीं मिला। हैरानी की बात यह है कि इन प्रत्याशियों के खाते में खुद उनका वोट भी दर्ज नहीं हुआ।
चुनाव परिणाम सामने आने के बाद यह मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।
चार प्रत्याशियों का खाता तक नहीं खुला
वजीरपुर नगर पालिका चुनाव में वार्ड नंबर 5 के निर्दलीय प्रत्याशी चरण सिंह जाटव, वार्ड नंबर 9 के भाजपा प्रत्याशी आमिर खान, वार्ड नंबर 10 के निर्दलीय प्रत्याशी अरशद अहमद और वार्ड नंबर 21 की निर्दलीय प्रत्याशी लक्ष्मी को एक भी मत नहीं मिला।
यानी चारों प्रत्याशियों के पक्ष में पड़े मतों की संख्या शून्य रही।
‘खुद को भी वोट नहीं’ बना चर्चा का विषय
आमतौर पर चुनाव लड़ने वाला प्रत्याशी सबसे पहले अपने पक्ष में मतदान करता है, लेकिन वजीरपुर के इन चार प्रत्याशियों के मामले में परिणाम बिल्कुल अलग रहा। इनके नाम के सामने 0 वोट दर्ज होने से यह सवाल भी चर्चा में है कि आखिर प्रत्याशियों ने खुद अपने लिए मतदान क्यों नहीं किया या उनका वोट किसी तकनीकी/अन्य कारण से दर्ज नहीं हुआ।
हालांकि शून्य वोट के वास्तविक कारण की पुष्टि संबंधित चुनाव रिकॉर्ड या निर्वाचन अधिकारियों से ही हो सकेगी।
पहली बार बनेगी वजीरपुर नगर पालिका की सरकार
वजीरपुर के लिए यह चुनाव इसलिए भी खास है, क्योंकि यह नवगठित नगर पालिका है। नगर पालिका बनने के बाद यहां पहली बार स्थानीय सरकार का गठन होगा।
ऐसे में चुनाव परिणाम को लेकर लोगों में खासा उत्साह है। जीत-हार के बीच चार प्रत्याशियों का खाता नहीं खुलना चुनाव परिणाम की सबसे चर्चित घटनाओं में शामिल हो गया है।