लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जयपुर। माइनिंग इंजीनियर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया के राजस्थान चैप्टर द्वारा “विजन 2047- माइनिंग एंड मिनरल्स पर्सपेक्टिव” विषयक अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन एक निजी होटल में किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने संबोधित किया।
राज्यपाल बागडे ने कहा कि विकसित भारत 2047 के लक्ष्य की प्राप्ति में खनिज उद्योग की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। उन्होंने सुरक्षित खनन, पर्यावरण संरक्षण और श्रमिकों की स्वास्थ्य सुरक्षा को प्राथमिकता देने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि खनन उद्योग में कार्यरत श्रमिकों के बीमा, स्वास्थ्य सुविधाओं और सामाजिक सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए।
उन्होंने पारंपरिक भारतीय प्रौद्योगिकी के साथ आधुनिक तकनीकों के समन्वय से सुरक्षित और सतत खनन को बढ़ावा देने की आवश्यकता बताई। राज्यपाल ने कहा कि विकसित भारत के लिए सुनियोजित प्रयास किए जा रहे हैं और देश डिजिटल तकनीक के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। सामाजिक सुधार एवं गरीबी उन्मूलन की दिशा में केंद्र सरकार द्वारा 80 करोड़ लोगों को मुफ्त अनाज उपलब्ध कराया जा रहा है तथा 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से ऊपर आए हैं।
राज्यपाल ने खनिज उद्योग के माध्यम से स्थानीय अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने का आह्वान किया। उन्होंने गौपालन के साथ-साथ नंदी संरक्षण की दिशा में भी कार्य करने पर जोर दिया, विशेषकर महाशिवरात्रि के अवसर पर इस विषय की प्रासंगिकता रेखांकित की।
कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल ने विशिष्टजनों को सम्मानित भी किया। संगोष्ठी में देश-विदेश से आए खनन विशेषज्ञों, उद्योग प्रतिनिधियों और इंजीनियरों ने भाग लिया।