लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
सीकर (योगेश ऋषिका)। श्री श्याम मंदिर सत्संग समिति के तत्वावधान में फाल्गुन माह में परंपरागत रूप से आयोजित होने वाली 56वीं निशान पदयात्रा 18 फरवरी को सुबह 8:15 बजे श्री श्याम मंदिर, चिरंजी पनवाड़ी की गली से गाजे-बाजे के साथ शहर के मुख्य मार्गों से खाटू के लिए प्रस्थान करेगी।
समिति के अध्यक्ष शम्भू दयाल मोदी और मंत्री पुरूषोतम शर्मा पांड्या ने बताया कि निशान पदयात्रा से पूर्व 17 फरवरी मंगलवार को मंदिर परिसर में भव्य संकीर्तन का आयोजन किया जाएगा। इसमें अतिथि कलाकार कुमार विजेंद्र नई दिल्ली और स्थानीय कलाकार भजनों की प्रस्तुतियां देंगे।
18 फरवरी को मंदिर परिसर में महाराज पंडित नरेश जोशी के सानिध्य में निशान पूजन के बाद पदयात्रा खाटू के लिए प्रस्थान करेगी। निशान पदयात्रियों का प्रथम विश्राम तनेजा फार्म हाउस पर और रात्रि विश्राम पलसाना रेलवे स्टेशन स्थित धर्मशाला में होगा, जहां भोजन और कीर्तन का आयोजन होगा। 19 फरवरी को सुबह पदयात्रा पुनः रवाना होगी। मार्ग में सांवलपुरा बालाजी मंदिर में विश्राम के बाद गौशाला परिसर में कांकड़ की ज्योत लेकर पदयात्री खाटू पहुंचेंगे और श्याम बाबा को निशान अर्पित कर मनौतियां मांगेंगे।
समिति ने सभी श्याम भक्तों और शहर के गणमान्य नागरिकों से इस धार्मिक कार्यक्रम में भाग लेने का आग्रह किया है।
निशान पदयात्रा के पोस्टर का विमोचन धर्मगुरु महंत विष्णु प्रसाद शर्मा ने किया।
