लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
नागौर (प्रदीप कुमार डागा)। स्थानीय सर्वोदया शिक्षण संस्थान में एमएसएमई तकनीकी विकास केंद्र द्वारा द्विवसीय ‘उद्यमिता जागरूकता’ विषय पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल नौकरी खोजने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला बनने के लिए प्रेरित करना रहा।
संगोष्ठी में कौशल विकास के साथ युवाओं को स्वरोजगार एवं उद्यमिता के प्रति जागरूक कर आत्मनिर्भर बनने पर विशेष जोर दिया गया। मुख्य वक्ता ने छात्राओं को सफल उद्यमी बनने के आवश्यक गुणों की जानकारी देते हुए बताया कि वर्तमान समय में सरकार की विभिन्न योजनाएं युवाओं और महिलाओं के लिए नए अवसर उपलब्ध करा रही हैं। प्रेरक उदाहरणों के माध्यम से उन्होंने समझाया कि छोटे स्तर से शुरुआत कर भी बड़े लक्ष्य प्राप्त किए जा सकते हैं।
कार्यक्रम में स्थानीय कॉलेज की बीए प्रथम वर्ष एवं बीएससी तृतीय वर्ष की एनएसएस छात्राओं ने सक्रिय भागीदारी निभाई और उद्यमिता से जुड़े विषयों पर अपने विचार साझा किए।
संस्थान प्रशासन एवं एमएसएमई विभाग के अधिकारियों ने भी विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करते हुए विभिन्न सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी।
संगोष्ठी के अंत में उपस्थित सभी छात्राओं एवं स्टाफ का आभार व्यक्त किया गया। इस अवसर पर मौ. शरीफ छींपा, रितु मालवीय, निशा कंवर सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।
