लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
समदड़ी। समदड़ी क्षेत्र के रानीदेसीपूरा गांव में विद्युत विभाग की कथित लापरवाही के चलते एक किसान के खेत में आग लगने का मामला सामने आया है। आग से रायड़े की फसल जलकर राख हो गई, जिससे किसान को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।
किसान नरपत राम भील ने बताया कि खेत के ऊपर से गुजर रही 11 केवी विद्युत लाइन के तार लंबे समय से नीचे झूल रहे थे। इस संबंध में कई बार विद्युत विभाग को अवगत कराया गया, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई।
बताया जा रहा है कि दोपहर के समय झूलते तारों में शॉर्ट सर्किट हो गया, जिससे अचानक खेत में आग भड़क उठी। तेज हवा के कारण आग ने कुछ ही समय में विकराल रूप धारण कर लिया। ग्रामीणों ने अपने स्तर पर कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक रायड़े की फसल पूरी तरह जल चुकी थी।
ग्रामीणों ने इस घटना के लिए विद्युत विभाग की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया है। उनका कहना है कि यदि समय रहते तारों की मरम्मत कर दी जाती तो यह नुकसान टाला जा सकता था।
घटना के बाद किसानों ने प्रशासन से उचित मुआवजे की मांग की है तथा झूलते तारों को तत्काल ठीक कराने की अपील की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।


















































