लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जैसलमेर-बाड़मेर को मिलेगा बड़ा जल भंडार
जयपुर | राजस्थान के थार मरुस्थल में इस मानसून एक अनोखा नजारा देखने को मिलेगा। जहां अब तक दूर-दूर तक केवल रेत के टीले नजर आते थे, वहीं अब 28 किलोमीटर परिधि वाली एक विशाल कृत्रिम झील पानी से लबालब भरकर किसी समंदर का एहसास कराएगी। इंदिरा गांधी नहर परियोजना के तहत जैसलमेर जिले के घांटियाली क्षेत्र में तैयार बुर्जी-1356 एस्केप रिजर्वायर अब मानसून के अतिरिक्त जल को सहेजेगा, जो पहले पाकिस्तान की ओर बहकर व्यर्थ चला जाता था।
राज्य सरकार के अनुसार यह परियोजना मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में जल संरक्षण और जल प्रबंधन की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। जलाशय के तैयार होने से जैसलमेर और बाड़मेर जिलों की पेयजल जरूरतों को पूरा करने में बड़ी राहत मिलेगी।
पहले बह जाता था पानी, अब बनेगा भविष्य का जल भंडार
हर वर्ष मानसून के दौरान पंजाब से इंदिरा गांधी नहर में अतिरिक्त पानी आता था। सिंचाई की मांग कम होने और संग्रहण व्यवस्था नहीं होने के कारण यह पानी अंतरराष्ट्रीय सीमा पार पाकिस्तान की ओर बह जाता था।
अब यही अतिरिक्त जल बुर्जी-1356 एस्केप रिजर्वायर में संग्रहित किया जाएगा। इस जलाशय की क्षमता 1406 एमसीएफटी (मिलियन क्यूबिक फीट) है, जिससे लंबे समय तक पेयजल उपलब्ध कराया जा सकेगा।
28 किलोमीटर परिधि, औसतन 13 मीटर गहराई
विशाल जलाशय की प्रमुख विशेषताएं—
- परिधि: 28 किलोमीटर
- भंडारण क्षमता: 1406 एमसीएफटी
- औसत गहराई: 13 मीटर
- स्थान: घांटियाली क्षेत्र, जैसलमेर
- उद्देश्य: अतिरिक्त मानसूनी जल का संग्रहण एवं पेयजल आपूर्ति
जलाशय की तली और ढलानों पर विशेष एचडीपीई (HDPE) शीट बिछाई गई है, जिससे रेतीली जमीन में पानी का रिसाव नहीं होगा और लंबे समय तक जल सुरक्षित रहेगा।
जल जीवन मिशन को मिलेगी नई ताकत
जल जीवन मिशन के तहत इंदिरा गांधी नहर परियोजना क्षेत्र में चार एस्केप रिजर्वायर विकसित किए जा रहे हैं—
- आरडी-507 (सत्तासर, बीकानेर)
- आरडी-750 (गजनेर लिफ्ट परियोजना क्षेत्र)
- आरडी-1121 (जोधपुर)
- बुर्जी-1356 (जैसलमेर)
इनमें से आरडी-507 और बुर्जी-1356 का निर्माण पूरा हो चुका है।
चारों जलाशयों के माध्यम से 43 वृहद पेयजल परियोजनाओं को अतिरिक्त पानी उपलब्ध होगा, जिससे प्रदेश के 6,707 गांवों में रहने वाले 20 लाख से अधिक परिवारों को लाभ मिलने की उम्मीद है।
नहरबंदी के दौरान भी मिलेगी राहत
इंदिरा गांधी नहर में समय-समय पर रखरखाव के लिए नहरबंदी की जाती है। ऐसे समय में पानी की कमी की स्थिति बनती है। बुर्जी-1356 रिजर्वायर में संचित जल इस अवधि में सुरक्षित जल भंडार के रूप में काम करेगा और प्रभावित क्षेत्रों की पेयजल आपूर्ति बनाए रखने में मदद करेगा।