लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
रायसिंहनगर में आयोजित शिविर में ईसीएचएस, पेंशन और दस्तावेजों से जुड़े मामलों का मौके पर निस्तारण
श्रीगंगानगर | मनजीत सिंह
भारतीय सेना की ओर से श्रीगंगानगर जिले के रायसिंहनगर में ‘सेना आपके द्वार’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान पूर्व सैनिकों को सम्मानित करने के साथ-साथ उनकी विभिन्न समस्याओं के समाधान के लिए विशेष शिविर भी लगाया गया।
कार्यक्रम का आयोजन जनरल अनुज कालिया के नेतृत्व में किया गया। इस अवसर पर कर्नल संदीप शर्मा, सूबेदार गोविंद सिंह, सूबेदार पात्रा, नीरज, छोटू लाल सहित भारतीय सेना के अधिकारी एवं जवान उपस्थित रहे। वहीं पंचायत समिति प्रधान सुनीता गोदारा ने भी कार्यक्रम में भाग लिया।
शिविर में पूर्व सैनिकों के ईसीएचएस (ECHS) कार्ड, पीपीओ (PPO), पेंशन, कैंटीन स्मार्ट कार्ड तथा अन्य दस्तावेजों से संबंधित समस्याओं का मौके पर समाधान किया गया। अधिकारियों ने पूर्व सैनिकों की समस्याएं सुनकर आवश्यक मार्गदर्शन भी दिया।
कार्यक्रम का आयोजन एक्स-सर्विसमैन सेंटर के तत्वावधान में किया गया। शिविर की व्यवस्थाएं सेवानिवृत्त सूबेदार शंकर सिंह और उनकी टीम ने संभाली।
इस अवसर पर पूर्व सैनिकों ने भारतीय सेना की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे शिविरों से उन्हें अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ते और आवश्यक सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध हो जाती हैं।