Home latest राज्यपाल बागडे ने नीमराणा में विकास योजनाओं की समीक्षा की 

राज्यपाल बागडे ने नीमराणा में विकास योजनाओं की समीक्षा की 

0

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

नशामुक्ति, टीबी उन्मूलन और शिक्षा की गुणवत्ता पर फोकस, बोले—पारदर्शिता और जवाबदेही से योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाएं

जयपुर/कोटपूतली-बहरोड़। राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने मंगलवार को नीमराणा में जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक लेकर विभिन्न विभागों की योजनाओं, विकास कार्यों और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की समीक्षा की। उन्होंने नशामुक्त भारत अभियान, टीबी मुक्त भारत अभियान, शिक्षा, कृषि और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की प्रगति पर चर्चा करते हुए अधिकारियों को पारदर्शिता, जवाबदेही और आपसी समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए।

गांव-गांव तक पहुंचाएं नशामुक्ति अभियान

नशामुक्त भारत अभियान की समीक्षा के दौरान राज्यपाल ने नशीले पदार्थों की रोकथाम के लिए संबंधित विभागों को समन्वित कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्यालयों और महाविद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने तथा युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराने पर जोर दिया।

उन्होंने कहा कि नशामुक्ति अभियान को प्रभावी बनाने के लिए गांव-गांव तक पहुंचना होगा। इसके लिए निगरानी व्यवस्था मजबूत करने, कार्रवाई में तेजी लाने और आमजन की भागीदारी बढ़ाने की जरूरत है।

टीबी मरीजों की पहचान और उपचार पर जोर

चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा करते हुए राज्यपाल ने टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत रोगियों की समय पर पहचान, नियमित उपचार और पात्र मरीजों को पोषण सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ जमीनी स्तर तक पहुंचना चाहिए। इसके लिए स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने और आमजन को सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करने पर विशेष ध्यान दिया जाए।

शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के निर्देश

शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान राज्यपाल ने विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति, शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार और कमजोर विद्यार्थियों के लिए उपचारात्मक कक्षाएं संचालित करने पर जोर दिया। उन्होंने बोर्ड परीक्षाओं के परिणाम बेहतर बनाने के लिए शिक्षकों और अभिभावकों के बीच समन्वय बढ़ाने की आवश्यकता बताई।

उन्होंने विद्यार्थियों को नीट-यूजी, जेईई और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए उचित मार्गदर्शन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि जिले के विद्यार्थी भी इन परीक्षाओं में बेहतर प्रदर्शन कर सकें।

किसानों और जरूरतमंद परिवारों की योजनाओं की समीक्षा

कृषि विभाग के कार्यों की समीक्षा करते हुए राज्यपाल ने किसानों को समय पर उर्वरक उपलब्ध कराने, रासायनिक उर्वरकों के संतुलित उपयोग तथा जैविक और प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहित करने पर बल दिया। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के लिए भी प्रभावी प्रयास करने की आवश्यकता बताई।

वहीं, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग की योजनाओं पर चर्चा करते हुए उन्होंने सामाजिक सुरक्षा पेंशन और पालनहार योजना सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाने के निर्देश दिए। वृद्धजनों, विधवाओं, दिव्यांगजनों और जरूरतमंद परिवारों से जुड़ी योजनाओं की नियमित निगरानी करने तथा आवेदन प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी बनाने पर भी जोर दिया।

लंबित प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण करें अधिकारी

राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने अधिकारियों से कहा कि विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन में आपसी समन्वय और जवाबदेही सुनिश्चित की जाए। जनसमस्याओं का त्वरित समाधान करने, लंबित प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण करने और विकास कार्यों की नियमित निगरानी पर विशेष ध्यान दिया जाए।

उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं का वास्तविक उद्देश्य तभी पूरा होगा, जब उनका लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचे। अधिकारियों को जनकल्याण को प्राथमिकता देते हुए जिले के विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version