लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
विधायक हरेंद्र मिर्धा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी जानकारी, 31 अक्टूबर को सुबह 6 बजे कांग्रेस कार्यालय से बसों से होंगे रवाना
नागौर (प्रदीप कुमार डागा)। दिल्ली के रामलीला मैदान में 1 नवंबर 2026 को प्रस्तावित कांग्रेस की ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ रैली को लेकर नागौर में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। रैली में भागीदारी को लेकर नागौर विधायक हरेंद्र मिर्धा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर तैयारियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नागौर जिले से करीब 500 से 600 कांग्रेस कार्यकर्ता और पदाधिकारी दिल्ली पहुंचकर रैली में शामिल होंगे।
विधायक मिर्धा ने बताया कि नागौर से कांग्रेस कार्यकर्ता 31 अक्टूबर को सुबह 6 बजे कांग्रेस कार्यालय से बसों के जरिए दिल्ली के लिए रवाना होंगे। रैली को लेकर जिले में कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से संपर्क कर तैयारियां की जा रही हैं।
वोट चोरी के आरोपों के विरोध में जुटेंगे कांग्रेसी
हरेंद्र मिर्धा ने बताया कि कांग्रेस की इस रैली का उद्देश्य मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं और ‘वोट चोरी’ के आरोपों को लेकर विरोध दर्ज कराना है। पार्टी की ओर से मुख्य चुनाव आयुक्त के समक्ष भी इन मुद्दों को उठाया जा रहा है। कांग्रेस का कहना है कि मताधिकार और चुनावी प्रक्रिया की पारदर्शिता सुनिश्चित करना जरूरी है।
1 नवंबर को रामलीला मैदान में प्रस्तावित मेगा रैली
कांग्रेस की ओर से 1 नवंबर 2026 को नई दिल्ली के रामलीला मैदान में ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ मेगा रैली और जन मार्च आयोजित करने की योजना है। इसके लिए सांसदों, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को दिल्ली पहुंचने का आह्वान किया गया है।
नागौर से 500 से 600 कार्यकर्ताओं की प्रस्तावित भागीदारी को देखते हुए जिला कांग्रेस संगठन तैयारियों में जुटा है। रैली के जरिए कांग्रेस मतदाता सूची और चुनावी प्रक्रिया से जुड़े मुद्दों को राष्ट्रीय स्तर पर उठाने की तैयारी कर रही है।