लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
श्रीगंगानगर (मनजीत सिंह, ब्यूरो चीफ) – श्रीगंगानगर पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन की सख्त निर्देशावली के बाद शहर की सड़कों पर चल रहे मॉडिफाईड बुलेट मोटरसाइकिलों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया। इस अभियान में 8 बुलेट मोटरसाइकिलें सीज की गईं।
पुलिस अधीक्षक डॉ. दुहन ने सोमवार को श्रीकरणपुर पुलिस थाना परिसर में आयोजित सीएलजी बैठक में मीडिया कर्मियों की ओर से शहर में तेज आवाज करने वाले शोहदों के खिलाफ कार्रवाई की मांग पर विशेष ध्यान दिया। बैठक में उपस्थित एडीशनल एसपी रामेश्वर लाल, सीओ पुष्पेंद्र सिंह ज्वाला और सीआई रजीराम को इस अभियान के लिए एक सप्ताह में कार्रवाई करने की घुड़की दी गई।
इस आदेश के बाद ट्रैफिक इंचार्ज उग्रसेन सहारण के नेतृत्व में विशेष अभियान चलाया गया। इस अभियान में हवलदार हरविन्द्र सिंह, कांस्टेबल भजन लाल और सुभाष ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
ट्रैफिक इंचार्ज ने बताया कि नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। सीआई रजीराम ने कहा कि सीज की गई बुलेट मोटरसाइकिलों से साइलेंसर हटाने और जुर्माना लगाने की कार्रवाई की जाएगी।
यह अभियान शहर में कानून व्यवस्था और यातायात नियमों के पालन को सुनिश्चित करने के लिए एक प्रभावी कदम माना जा रहा है।