लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
नागौर (प्रदीप कुमार डागा) – सड़क सुरक्षा जागरूकता के तहत जिले के राउमावि भदवासी और राउमावि ढाकोरिया में विद्यार्थियों को यातायात नियमों और सड़क पर वाहन चलाते समय बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी साझा की गई। कार्यक्रम का नेतृत्व जिला कॉर्डिनेटर (अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी) बागाराम जांगु ने किया।
उन्होंने बताया कि भारत में प्रतिदिन लगभग 500 लोग सड़क दुर्घटनाओं में अपनी जान गंवाते हैं, जिसमें ओवरस्पीडिंग सबसे बड़ा कारण है, जो कुल मौतों का लगभग 71% हिस्सा बनता है। इसके अलावा, अनियमित और लापरवाह ड्राइविंग, ड्रिंक-ड्राइविंग, मोबाइल फोन का इस्तेमाल और अन्य लापरवाही भी दुर्घटनाओं के मुख्य कारण हैं। 18–45 वर्ष के लोग सड़क दुर्घटनाओं से सबसे अधिक प्रभावित होते हैं, जो कुल प्रभावित लोगों का लगभग 66% है।
जिला कॉर्डिनेटर ने विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों पर आधारित बुकलेट भी वितरित की, ताकि उन्हें जागरूकता के साथ व्यवहार में भी नियमों का पालन करना प्रेरित किया जा सके।
साथ ही, अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी ने इन विद्यालयों का शाला निरीक्षण भी किया। निरीक्षण के दौरान प्राचार्य और समस्त स्टाफ उपस्थित पाए गए, और विद्यालयों का शैक्षिक स्तर संतोषजनक पाया गया।
यह कार्यक्रम विद्यार्थियों में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने और दुर्घटनाओं को रोकने के लिए राज्य सरकार की पहल का हिस्सा है।
