लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
चौमहला स्टेशन पर 11 घंटे खड़ी रही जयपुर–मुंबई सुपरफास्ट, यात्रियों को हुई भारी परेशानी
चौमहला (झालावाड़)। पश्चिम रेलवे के घोलवड–उमरगाम रोड स्टेशन के बीच स्थित ब्रिज संख्या 203 पर जलभराव होने के कारण रेल यातायात प्रभावित हो गया। सुरक्षा कारणों से रेलवे प्रशासन ने कई ट्रेनों को रद्द, आंशिक रूप से संचालित तथा कुछ के मार्ग में बदलाव किया है।
रेलवे द्वारा जारी जानकारी के अनुसार जयपुर–बांद्रा टर्मिनस ट्रेन को केवल बड़ोदरा तक संचालित किया गया, जबकि बांद्रा टर्मिनस–जयपुर स्पेशल का संचालन भी बड़ोदरा से किया जाएगा।
इसके अलावा गाड़ी संख्या 22901 बांद्रा टर्मिनस–उदयपुर सिटी तथा गाड़ी संख्या 22902 उदयपुर सिटी–बांद्रा टर्मिनस को रद्द कर दिया गया है। वहीं, कई अन्य ट्रेनों के मार्ग में भी परिवर्तन किया गया है।
11 घंटे चौमहला स्टेशन पर रुकी रही जयपुर–मुंबई सुपरफास्ट
रेल यातायात प्रभावित होने का सबसे अधिक असर जयपुर–मुंबई सुपरफास्ट एक्सप्रेस के यात्रियों पर पड़ा। ट्रेन करीब 11 घंटे तक चौमहला रेलवे स्टेशन पर खड़ी रही, जिससे यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा। लंबे इंतजार के कारण यात्रियों को भोजन, पेयजल और आगे की यात्रा को लेकर परेशानियों का सामना करना पड़ा।
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की नवीनतम स्थिति की जानकारी प्राप्त कर ही स्टेशन के लिए रवाना हों।