लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
पूर्व राज्य मंत्री सुनील परिहार ने फीता काटकर किया कार्यालय का उद्घाटन, भाजपा सरकार पर साधा निशाना; सिवाना विधायक और भाजपा नेताओं से विकास कार्यों का हिसाब सार्वजनिक करने की चुनौती
समदड़ी। समदड़ी कस्बे के रानी देसी पूरा रोड स्थित मेघवालों की बास में कांग्रेस प्रत्याशी नगीना बानू के चुनाव कार्यालय का विधिवत उद्घाटन किया गया। कांग्रेस कार्यालय का उद्घाटन पूर्व राज्य मंत्री सुनील परिहार ने फीता काटकर किया। इससे पहले पंडित अरुण व्यास ने मंत्रोच्चारण के साथ विधिवत पूजा-अर्चना कराई।
उद्घाटन के बाद आयोजित सभा को संबोधित करते हुए पूर्व राज्य मंत्री सुनील परिहार ने कांग्रेस प्रत्याशी नगीना बानू को आशीर्वाद देते हुए कार्यकर्ताओं से चुनाव में पूरी ताकत के साथ जुटने का आह्वान किया।
‘नगीना बानू बनकर कार्य करना है’
सुनील परिहार ने कहा कि आगामी दो दिनों तक नगीना बानू और जाकिर हुसैन पठान बनकर कार्य करना है। उन्होंने कहा कि जाकिर हुसैन पठान कांग्रेस पार्टी के कर्मठ कार्यकर्ता हैं और उन्होंने वर्षों तक पार्टी की सेवा की है। इसी विश्वास के चलते पार्टी ने उनके परिवार पर भरोसा जताते हुए नगीना बानू को प्रत्याशी बनाया है।
परिहार ने दावा किया कि नगर पालिका में कांग्रेस का बोर्ड बनेगा और कांग्रेस का बोर्ड बनने पर विकास कार्यों में किसी तरह की कमी नहीं रहने दी जाएगी।
भाजपा सरकार पर विकास को लेकर निशाना
सभा में सुनील परिहार ने भाजपा सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि नगर पालिका बने हुए करीब एक वर्ष होने को आया है, लेकिन कस्बे में अपेक्षित विकास कार्य नहीं होने से आमजन भाजपा सरकार से दुखी है।
उन्होंने पिछले वर्ष मिले 5 लाख रुपये के बजट को लेकर भी सवाल उठाते हुए कहा कि इस बजट का क्या उपयोग किया गया, इसका अभी तक कोई स्पष्ट जवाब नहीं है। उन्होंने कहा कि अतिरिक्त बजट के नाम पर विकास कार्यों के लिए पर्याप्त राशि उपलब्ध नहीं है।
सिवाना विधायक और भाजपा नेताओं को दी चुनौती
पूर्व राज्य मंत्री ने सिवाना विधायक अमीर सिंह भायल और भारतीय जनता पार्टी के नेताओं को चुनौती देते हुए कहा कि वे प्रेस विज्ञप्ति जारी कर स्पष्ट करें कि कस्बे में कितने विकास कार्य किए गए और कौन-कौन से कार्य कहां करवाए गए हैं।
परिहार ने आरोप लगाया कि भाजपा नेता केवल हवाई बातें और जुमलेबाजी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पहले जो आवंटन हुए थे, वे ग्राम पंचायत के समय के थे, जबकि नगर पालिका बनने के बाद कुछ वर्गों के लिए जेसीबी के माध्यम से आवंटन किए गए हैं।
कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं की मौजूदगी
कार्यक्रम में अनुसूचित जाति जनजाति राज्य मंत्री गोपाराम मेघवाल, प्रदेश कांग्रेस कमेटी चुनाव प्रभारी डॉ. राकेश चौधरी, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष गोकाराम, जिला कांग्रेस कमेटी सचिव मोतीराम चौधरी सहित कांग्रेस के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस प्रत्याशी नगीना बानू के समर्थन में कार्यकर्ताओं ने चुनाव में पूरी ताकत के साथ जुटने का संकल्प जताया।




















































