Home latest सांवलिया सेठ का नवां पाटोत्सव संपन्न, ज्योति पदयात्रा सेवकों को सम्मानित

सांवलिया सेठ का नवां पाटोत्सव संपन्न, ज्योति पदयात्रा सेवकों को सम्मानित

0

लोक टुडे न्यूज नेटवर्क

भीलवाड़ा, पंकज पोरवाल: नौगांवा स्थित श्री सांवलिया सेठ मंदिर में नवां पाटोत्सव आस्था और भक्ति के रंग में संपन्न हुआ। कार्तिक कृष्ण सप्तमी, सोमवार को आयोजित इस विशेष समारोह में वर्ष 2016 की ऐतिहासिक ज्योति पदयात्रा में निस्वार्थ सेवा देने वाले सैकड़ों भक्तजनों को सम्मानित कर उनका आभार व्यक्त किया गया।

मंदिर परिसर में अलौकिक वातावरण और जयकारों के बीच भक्तों का उत्साह देखते ही बन रहा था। मंदिर ट्रस्ट अध्यक्ष गोविंद प्रसाद सोडाणी ने बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 9:00 बजे हवन-यज्ञ के साथ हुई। इस दौरान विशिष्ट भक्तों ने अपनी धर्मपतियों के साथ यजमान के रूप में धोती धारण कर आसन ग्रहण किया।

हवन-यज्ञ की पूर्णाहुति के बाद, महंत मदन मोहन दास, संरक्षक डीपी अग्रवाल, ओम बुलिया, रामेश्वर छिपा, भवानी शंकर जोशी, नरेंद्र जैन, दादा पुरुषोत्तम सहित कई सेवकों और भक्तजनों को मठरी प्रसाद, दुपट्टा और माला पहनाकर सप्तनिक सम्मानित किया गया। इन सेवकों ने वर्ष 2016 में सांवलिया सेठ के ज्योतिरथ को लगभग 50 गाँवों का भ्रमण कराते हुए नौगांवा तक लाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

सम्मान समारोह के बाद राजभोग दर्शन और आरती हुई। इस अवसर पर भगवान सांवलिया सेठ को छप्पन भोग का प्रसाद अर्पित किया गया, जिसे सभी धर्मप्रेमियों ने भोजन-प्रसाद के रूप में ग्रहण किया।

मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष गोविंद प्रसाद सोडाणी, महामंत्री कैलाश डाड, संरक्षक डीपी अग्रवाल, और उपाध्यक्ष कमल कंदोई ने सभी उपस्थित भक्तों का आभार व्यक्त किया। अध्यक्ष सोडाणी ने कहा कि भक्तों की गरिमामय उपस्थिति से कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन हुआ और सभी ने ठाकुर जी का आशीर्वाद प्राप्त किया।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version