लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
मरम्मत की मांग को लेकर सौंपा ज्ञापन
रियांबड़ी। उपखंड क्षेत्र के रोहिसी से रियांबड़ी को जोड़ने वाली सड़क पिछले करीब दो वर्षों से जर्जर हालत में होने के कारण ग्रामीणों और वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सड़क पर बने गहरे गड्ढों से आवागमन प्रभावित हो रहा है, वहीं दुर्घटनाओं का खतरा भी लगातार बढ़ता जा रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि यह सड़क 10 से अधिक गांवों को रियांबड़ी से जोड़ने वाला प्रमुख मार्ग है। प्रतिदिन सैकड़ों स्कूली बच्चे, किसान और आमजन इसी रास्ते से आवागमन करते हैं। सड़क की बदहाल स्थिति के कारण लोगों को रोजाना परेशानी उठानी पड़ रही है।
बारिश में और बढ़ जाती है समस्या
बारिश के मौसम में सड़क की स्थिति और भी गंभीर हो जाती है। गड्ढों में पानी और कीचड़ भर जाने से उनकी गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता, जिससे दोपहिया वाहन चालक अक्सर दुर्घटना का शिकार हो जाते हैं। ग्रामीणों के अनुसार आए दिन बाइक सवार गड्ढों में गिरकर चोटिल हो रहे हैं।
स्कूली बच्चों को भी काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है। कई बार बच्चे कीचड़ में गिर जाते हैं, जिससे उनके कपड़े खराब हो जाते हैं और उन्हें वापस घर लौटना पड़ता है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की खराब स्थिति के कारण प्रतिदिन दो से तीन बच्चे स्कूल जाने से वंचित रह जाते हैं।
एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
सड़क की मरम्मत की मांग को लेकर स्थानीय ग्रामीणों ने उपखंड अधिकारी विनीत कुमार सुखाड़िया को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में सड़क की जर्जर स्थिति से अवगत कराते हुए तत्काल मरम्मत कार्य शुरू कराने की मांग की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम विनीत कुमार सुखाड़िया ने संबंधित विभाग के अधिकारी को तत्काल लिखित निर्देश जारी किए। उन्होंने सड़क मार्ग की शीघ्र मरम्मत कराकर उपखंड कार्यालय में रिपोर्ट प्रस्तुत करने के आदेश दिए हैं।
ग्रामीणों को जगी उम्मीद
प्रशासन की ओर से त्वरित कार्रवाई के बाद ग्रामीणों ने उम्मीद जताई है कि लंबे समय से लंबित सड़क मरम्मत का कार्य जल्द शुरू होगा और क्षेत्र के लोगों को राहत मिलेगी। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क दुरुस्त होने से न केवल आवागमन सुगम होगा, बल्कि दुर्घटनाओं पर भी रोक लग सकेगी।
ज्ञापन सौंपने वालों में वकील ओमप्रकाश माली, संपतराज माली, सीताराम माली, बलवीर सिंह, तिलोक राम, बाबूलाल, जबार अली, घनश्याम, मोतीराम, बालूराम, नेमाराम, गोविंदराम माली सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।














































