लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
सीकर। दानवीर, प्रतापी एवं सीकर के लोककल्याणकारी शासक राव राजा कल्याण सिंहजी बहादुर के 140वें जन्मदिन पर शनिवार को जयंती समारोह एवं अलंकरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन राजकुमार हरदयाल सिंह त्रैलोक्य राज्य लक्ष्मी देवी चैरिटेबल ट्रस्ट एवं सर्व समाज के संयुक्त तत्वावधान में गोपीनाथ गौशाला के सामने स्थित गोविन्दम में किया गया।
कार्यक्रम में शिक्षा, सामाजिक सेवा सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों को सम्मानित किया गया। मंच पर उपस्थित अतिथियों ने राव राजा कल्याण सिंह बहादुर के योगदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं वर्तमान उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने कहा कि आधुनिक सीकर के विकास की नींव रखने वाले राव राजा कल्याण सिंहजी ने शिक्षा, चिकित्सा और समाजसेवा के क्षेत्र में ऐतिहासिक कार्य किए। उन्होंने कहा कि उनके द्वारा शुरू किए गए कार्यों को आगे बढ़ाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जयपुर ग्रामीण सांसद राव राजेंद्र सिंह ने की। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि शेखावाटी क्षेत्र के विकास में राव राजा कल्याण सिंहजी का योगदान अविस्मरणीय है। उन्होंने बताया कि बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए 31 करोड़ रुपये की लागत से सैनिक स्कूल की सौगात भी क्षेत्र को मिली है।
सैनिक कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष प्रेमसिंह बाजौर ने कहा कि जीवन का दूसरा पन्ना वही होता है जिसमें व्यक्ति अपने कर्मों से अमिट छाप छोड़ता है। पूर्व केंद्रीय मंत्री सुभाष महरिया ने कल्याण सिंहजी के जनहित कार्यों और शिक्षा को बढ़ावा देने के प्रयासों को याद किया।
कार्यक्रम में धोद विधायक गोरधन वर्मा और फतेहपुर विधायक हाकम अली ने भी राव राजा कल्याण सिंहजी को जनसेवक शासक बताते हुए उनके आदर्शों को अपनाने का आह्वान किया।
पुरस्कार एवं सम्मान
समारोह में महाराज शेखाजी विभूषण (1 लाख रुपये) पुरस्कार प्रेमसिंह बाजौर को तथा राव राजा कल्याण सिंह रत्न (51 हजार रुपये) पुरस्कार शिक्षाविद् डॉ. घासीराम वर्मा को प्रदान किया गया। इसके अलावा कई अन्य सामाजिक एवं शैक्षिक कार्यकर्ताओं को भी सम्मानित किया गया।
विशेष बात यह रही कि सम्मान प्राप्तकर्ताओं ने पुरस्कार राशि में अतिरिक्त योगदान जोड़कर उसे ट्रस्ट को ही सामाजिक कार्यों के लिए वापस समर्पित कर दिया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, शिक्षाविद् एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।




















































