Home crime राजस्थान पुलिस का यातायात नियम उल्लंघनकर्ताओं पर बड़ा प्रहार

राजस्थान पुलिस का यातायात नियम उल्लंघनकर्ताओं पर बड़ा प्रहार

0

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

  दो दिनों में 16,656 वाहनों पर कार्रवाई

अवैध हूटर, काली फिल्म, प्रेशर हॉर्न और नियम विरुद्ध नंबर प्लेटों के खिलाफ प्रदेशव्यापी अभियान जारी

जयपुर। महानिदेशक पुलिस राजीव कुमार शर्मा के निर्देश पर राजस्थान पुलिस द्वारा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों तथा वीआईपी संस्कृति का प्रदर्शन करने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के पांचवें और छठे दिन प्रदेशभर में व्यापक स्तर पर नाकेबंदी एवं वाहन जांच अभियान संचालित किया गया, जिसके तहत दो दिनों में 16,656 से अधिक वाहनों के विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई की गई।

अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस (यातायात) डॉ. बी.एल. मीणा ने बताया कि अभियान के दौरान वाहनों में किए गए अवैध संशोधन, अनधिकृत लाल-नीली बत्तियां, फ्लैशर, स्ट्रोब लाइट, प्रेशर हॉर्न, ब्लैक फिल्म, नियम विरुद्ध नंबर प्लेट तथा वाहनों पर लिखे गए अनधिकृत शब्द, चिन्ह एवं लेखन के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई।

काली फिल्म और नियम विरुद्ध नंबर प्लेटों पर सबसे अधिक कार्रवाई

अभियान के दौरान सबसे अधिक कार्रवाई वाहन के शीशों पर काली फिल्म लगाने और नियमों के विपरीत नंबर प्लेटों का उपयोग करने वाले चालकों के खिलाफ की गई। दो दिनों में काली फिल्म के 6,406 तथा नियम विरुद्ध नंबर प्लेटों के 4,621 मामले दर्ज किए गए।

श्रेणीवार कार्रवाई का विवरण

  • वाहन के शीशों पर काली फिल्म : 6,406 मामले
  • नियम विरुद्ध नंबर प्लेट एवं पंजीयन चिन्ह : 4,621 मामले
  • वाहन पर अनाधिकृत शब्द, चिन्ह एवं लेखन : 2,228 मामले
  • वाहन की संरचना (बॉडी/चेसिस) में अवैध परिवर्तन : 1,533 मामले
  • अनधिकृत लाल-नीली बत्ती, फ्लैशर एवं स्ट्रोब लाइट : 998 मामले
  • प्रेशर हॉर्न एवं एयर हॉर्न : 870 मामले

कोटा सिटी और झालावाड़ पुलिस रही सबसे आगे

अभियान के दौरान कोटा शहर पुलिस ने प्रदेश में सर्वाधिक कार्रवाई करते हुए दो दिनों में 1,899 वाहनों के खिलाफ चालान एवं जब्ती की कार्रवाई की। वहीं झालावाड़ पुलिस ने छठे दिन एक ही दिन में 813 वाहनों पर कार्रवाई कर उल्लेखनीय प्रदर्शन किया।

राजधानी जयपुर में डीसीपी ट्रैफिक की टीम ने दोनों दिनों में कुल 1,268 यातायात नियम उल्लंघनकर्ताओं के विरुद्ध कार्रवाई की।

सड़क सुरक्षा के लिए निरंतर जारी रहेगा अभियान

एडीजी यातायात डॉ. बी.एल. मीणा ने कहा कि यह अभियान केवल औपचारिक कार्रवाई नहीं, बल्कि आमजन के लिए सुरक्षित और व्यवस्थित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने का प्रयास है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अवैध बत्तियां लगाकर कानून से ऊपर दिखने की कोशिश करने वालों, ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले प्रेशर हॉर्न उपयोगकर्ताओं तथा काली फिल्म की आड़ में संदिग्ध गतिविधियां संचालित करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

उन्होंने आमजन से यातायात नियमों की पालना करने और सुरक्षित एवं जिम्मेदार नागरिक बनने की अपील की।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version