लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
सात दिनों तक यात्रियों और रेलकर्मियों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति किया जाएगा जागरूक, बिजली-पानी बचाने से लेकर प्लास्टिक और ई-कचरा प्रबंधन पर रहेगा जोर
राजस्थान से वरिष्ठ संवाददाता : नितिन मेहरा
अजमेर। पर्यावरण संरक्षण और टिकाऊ जीवनशैली को बढ़ावा देने के लिए उत्तर पश्चिम रेलवे की ओर से 1 से 7 नवंबर तक ‘ब्रिक्स सस्टेनेबल लाइफस्टाइल वीक’ मनाया जाएगा। भारत की इस वर्ष ब्रिक्स अध्यक्षता के तहत पर्यावरण मंत्रालय के निर्देश पर आयोजित होने वाले इस अभियान में रेलवे परिसरों से लेकर ट्रेनों तक पर्यावरण जागरूकता की अलख जगाई जाएगी।
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया कि मिशन लाइफ के तहत रेलवे के सभी स्टेशनों, ट्रेनों, कार्यालयों, वर्कशॉप और रेलवे कॉलोनियों में विभिन्न जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। अभियान के प्रभावी संचालन के लिए नोडल अधिकारी भी नियुक्त किया जाएगा।
अभियान के दौरान स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, बिजली और पानी की बचत करने, भोजन की बर्बादी रोकने, सिंगल यूज प्लास्टिक से परहेज करने, ई-कचरे का उचित निस्तारण करने तथा कचरे को अलग-अलग कर उसके पुन: उपयोग को बढ़ावा देने पर विशेष जोर रहेगा।
रेलवे स्टेशनों और अन्य परिसरों में पोस्टर, डिजिटल डिस्प्ले स्क्रीन, उद्घोषणाओं और शपथ कार्यक्रमों के माध्यम से यात्रियों एवं रेलकर्मियों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया जाएगा।
सात दिन, सात थीम पर चलेगा अभियान
- 1 नवंबर: स्वस्थ जीवनशैली अपनाएं
- 2 नवंबर: ऊर्जा बचाएं
- 3 नवंबर: पानी बचाएं
- 4 नवंबर: सतत खाद्य प्रणाली को बढ़ावा दें
- 5 नवंबर: सिंगल यूज प्लास्टिक को कहें ना
- 6 नवंबर: ई-कचरा कम करें
- 7 नवंबर: कचरा कम करें और अलग-अलग रखें
रेलवे का यह अभियान पर्यावरण के अनुकूल आदतों को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने और यात्रियों व कर्मचारियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।