लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
विद्यार्थियों और आमजन ने दौड़ लगाकर दिया एकता का संदेश
सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती पर कलेक्ट्रेट से पशु मेला मैदान तक निकली दौड़, एडीएम रामरतन सोंकरिया ने दिखाई हरी झंडी
नागौर (प्रदीप कुमार डागा)। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती एवं राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर शनिवार को नागौर में ‘रन फॉर यूनिटी’ का आयोजन किया गया। राष्ट्रीय एकता, अखंडता और भाईचारे के संदेश के साथ आयोजित इस दौड़ में विद्यार्थियों से लेकर अधिकारियों और आमजन तक ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
दौड़ जिला कलेक्ट्रेट परिसर से शुरू होकर पशु मेला मैदान तक पहुंची। अतिरिक्त जिला कलेक्टर रामरतन सोंकरिया ने हरी झंडी दिखाकर प्रतिभागियों को रवाना किया। आयोजन में बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राओं, एनएसएस स्वयंसेवकों, स्काउट-गाइड सदस्यों और एनसीसी कैडेट्स ने हिस्सा लिया।
शिक्षक-शिक्षिकाओं, जिला प्रशासन के अधिकारियों एवं कर्मचारियों तथा पुलिस विभाग के अधिकारियों और जवानों ने भी दौड़ में भागीदारी निभाई। सभी प्रतिभागियों ने एकजुट होकर देश की एकता, अखंडता और सामाजिक सद्भाव बनाए रखने का संदेश दिया।
आईपीएस जतिन जैन ने दिलाई राष्ट्रीय एकता की शपथ
कार्यक्रम के दौरान आईपीएस जतिन जैन ने उपस्थित प्रतिभागियों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई। उन्होंने सरदार वल्लभभाई पटेल के राष्ट्र निर्माण में दिए गए योगदान का स्मरण करते हुए सभी से देश की एकता और अखंडता के प्रति सदैव प्रतिबद्ध रहने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी रणजीत सिंह गोदारा सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी, शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।