लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
वरिष्ठ वर्ग में शारदा बालिका निकेतन और कनिष्ठ वर्ग में डेनियल मेयो प्रथम, 25 विद्यालयों ने लिया भाग
नागौर। (प्रदीप कुमार डागा)
भारत विकास परिषद शाखा नागौर की ओर से राष्ट्रीय प्रकल्प ‘भारत को जानो’ के द्वितीय चरण का प्रश्न मंच आयोजित किया गया। विद्या भारती विद्यालय शारदा बालिका निकेतन उच्च माध्यमिक विद्यालय के सभागार में आयोजित प्रतियोगिता का शुभारंभ भारत विकास परिषद के राष्ट्रीय सेवा गतिविधि सदस्य विनोद आढ़ा और प्रांतीय संरक्षक नृत्य गोपाल मित्तल ने भारत माता एवं स्वामी विवेकानंद के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक गायन हुआ।
स्वागत उद्बोधन शाखा कोषाध्यक्ष विकास सोनी ने दिया। प्रतियोगिता के नियमों की जानकारी प्रकल्प प्रभारी डॉ. सौरभ जोशी ने दी।
10 चक्रों में पूछे गए प्रश्न
शाखा अध्यक्ष रामानुज मालाणी ने बताया कि शाखा स्तरीय प्रश्न मंच में वरिष्ठ वर्ग में 19 दल और कनिष्ठ वर्ग में 22 दल शामिल हुए। प्रतियोगिता में कुल 10 चक्रों में प्रश्न पूछे गए। सभी प्रश्न भारत विकास परिषद की ओर से प्रकाशित ‘भारत को जानो’ पुस्तक पर आधारित थे।
प्रतियोगिता के दौरान सभी प्रश्न प्रोजेक्टर और एलईडी स्क्रीन पर प्रदर्शित कर पूछे गए। प्रश्न धर्म, संस्कृति, इतिहास, भूगोल, आर्थिक विकास, राजनीति, संविधान, खेल, सम्मान, कला, साहित्य, कृषि, समसामयिक घटनाओं, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी तथा गौरवशाली भारत से जुड़े विषयों पर आधारित रहे। दृश्य एवं श्रव्य प्रश्नों ने प्रतिभागियों की जानकारी और त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता की परीक्षा ली।
यह रहा प्रतियोगिता का परिणाम
शाखा स्तरीय प्रतियोगिता के वरिष्ठ वर्ग में शारदा बालिका निकेतन ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि डेनियल मेयो स्कूल की टीम द्वितीय रही। वरिष्ठ वर्ग में शारदा बालिका निकेतन की पूजा बिश्नोई और वर्षा बिश्नोई अब प्रांतीय प्रतियोगिता में नागौर शाखा का प्रतिनिधित्व करेंगी।
वहीं कनिष्ठ वर्ग में डेनियल मेयो स्कूल की टीम प्रथम रही। टीम को आगामी प्रांतीय प्रतियोगिता में नागौर शाखा की ओर से प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा। स्वामी विवेकानंद मॉडल स्कूल बालवा की टीम ने कनिष्ठ वर्ग में द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
4 अक्टूबर को नागौर में होगी प्रांत स्तरीय प्रतियोगिता
प्रांतीय प्रकल्प प्रभारी रामकिशोर सारड़ा ने बताया कि शाखा स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी 4 अक्टूबर को माहेश्वरी पंचायत भवन, आजाद चौक नागौर में आयोजित होने वाले प्रांत स्तरीय ‘भारत को जानो’ प्रश्न मंच में भाग लेंगे।
इस दौरान नागौर शाखा के प्रकल्प प्रभारी डॉ. सौरभ जोशी एवं सहायक प्रभारी जगदीश बंसल ने भारतीय सभ्यता-संस्कृति, दृश्य-श्रव्य एवं समसामयिक विषयों से संबंधित प्रश्न पूछे। कार्यक्रम का संचालन शरद कुकर जोशी ने किया। शाखा संरक्षक रामकिशोर सारड़ा ने आभार व्यक्त किया। इससे पूर्व डॉ. सौरभ जोशी ने कार्यक्रम की प्रस्तावना के साथ प्रतिवेदन प्रस्तुत किया।
राष्ट्रीय चरित्र निर्माण पर दिया जोर
मुख्य वक्ता विनोद आढ़ा ने कहा कि वर्तमान समय में राष्ट्रीय चरित्र निर्माण से जुड़ी गतिविधियों को बढ़ावा देने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों में देश के प्रति निष्ठा का भाव विकसित होना चाहिए और उन्हें भारत के साथ-साथ अपनी परंपराओं, सांस्कृतिक मूल्यों, ज्ञान, रीति-रिवाजों एवं संस्कारों पर गर्व करना चाहिए।
कार्यक्रम में परिषद के हरिराम धारणिया, रामनिवास पालड़िया, कैलाश सारड़ा, कैलाश अग्रवाल, रवि प्रकाश सोनी, शाखा सचिव सुभाष ललवानी, योगेश सरवाडिया, कविता सोनी, विकास सोनी, श्रवण कुमार सोनी, बालकिशन भाटी, डॉ. पल्लव शर्मा, चरण प्रकाश डागा, डॉ. निशु जोशी, मनोज जैन, बजरंग लाल शर्मा, आनंद अग्रवाल सहित शाला प्रभारी राधेश्याम टाक, संगीता सिखवाल, शीतल राठौड़ और प्रभा शर्मा मौजूद रहे।