लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
जोधपुर : राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की अखिल भारतीय समन्वय बैठक 5 से 7 सितंबर 2025 तक जोधपुर में आयोजित होने जा रही है। बैठक की तैयारियों को लेकर स्वयंसेवक व्यापक स्तर पर सक्रिय हैं और सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
सोमवार को सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत जी के आगमन के पश्चात मंगलवार को संघ के सरकार्यवाह मा. दत्तात्रेय होसबले जी, सह सरकार्यवाह डॉ. कृष्ण गोपाल जी, सी. आर. मुकुंदा जी, अरुण कुमार जी, रामदत्त चक्रधर जी, आलोक कुमार जी, अतुल लिमये जी और कार्यकारिणी सदस्य डॉ. मनमोहन वैध जी सहित अन्य अखिल भारतीय अधिकारी जोधपुर बैठक स्थल पर पहुंचे।
बैठक में सहभागी पदाधिकारियों के पहुंचने का सिलसिला लगातार जारी है। आदर्श डिफेंस एंड स्पोर्ट्स अकैडमी के नवीन भवन सहित संपूर्ण परिसर में कार्यक्रम की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। लगभग 150 से अधिक स्वयंसेवक रक्षा, कार्यालय व्यवस्था, साज-सज्जा, स्वच्छता, आपूर्ति और भोजन व्यवस्था सहित विभिन्न कार्यों में सक्रिय हैं।
समारोह स्थल को बैठक के सभी आयोजनों और प्रबंधों के अनुसार सजाया गया है। सुरक्षा, लॉजिस्टिक और स्वागत व्यवस्थाओं को उच्च स्तर पर सुनिश्चित किया गया है ताकि बैठक के दौरान सभी सहभागी पदाधिकारी और अतिथि संतुष्ट रहें।
विशेषज्ञों और आयोजकों के अनुसार, यह बैठक संघ के संगठनात्मक और कार्यनिष्पादन दृष्टिकोण को मजबूती प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।