लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
14 दिनों में 1.16 लाख से अधिक चालान
जयपुर। (रूपनारायण सांवरिया) सड़कों को सुरक्षित बनाने और यातायात नियमों की अवहेलना करने वाले वाहन चालकों पर लगाम कसने के लिए राजस्थान पुलिस का सघन अभियान लगातार जारी है। महानिदेशक पुलिस राजीव कुमार शर्मा के निर्देशों तथा यातायात महानिदेशक अनिल पालीवाल एवं अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस यातायात डॉ. बी.एल. मीणा के पर्यवेक्षण में यह विशेष अभियान प्रदेशभर में चलाया जा रहा है।
अभियान के तहत काली फिल्म, अवैध बत्ती, हूटर और नियम विरुद्ध नंबर प्लेट जैसे उल्लंघनों पर सख्त कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के इस अभियान से उन वाहन चालकों में हड़कंप है जो सड़कों पर अनाधिकृत सुविधाओं के माध्यम से दबदबा दिखाते थे।
आंकड़ों के अनुसार, 4 जून से 17 जून 2026 तक के 14 दिनों में राजस्थान पुलिस ने कुल 1,16,937 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए चालान बनाए हैं। इनमें सबसे अधिक 44,381 चालान काली फिल्म लगाने के मामलों में किए गए। इसके अलावा 30,148 चालान नियम विरुद्ध नंबर प्लेट, 16,036 अनाधिकृत लेखन व चिन्ह, 11,383 अवैध वाहन संशोधन, 8,668 लाल-नीली बत्ती व हूटर, तथा 6,321 प्रेशर/एयर हॉर्न के मामलों में कार्रवाई की गई है।
इसी क्रम में बुधवार को भी प्रदेशभर में सघन चेकिंग अभियान जारी रहा, जिसमें एक ही दिन में 6,731 वाहनों पर कार्रवाई की गई। इनमें 2,399 काली फिल्म, 1,686 नंबर प्लेट, 880 अवैध लेखन, 777 वाहन मॉडिफिकेशन, 602 लाल-नीली बत्ती तथा 387 प्रेशर हॉर्न के मामले शामिल रहे।
जिलावार कार्रवाई में जयपुर पश्चिम जिला 522 चालानों के साथ शीर्ष पर रहा। इसके बाद उदयपुर (426), जयपुर ग्रामीण (400), जयपुर यातायात (319), धौलपुर (272), दौसा (265), चित्तौड़गढ़ (262), बारां (223), भरतपुर (200) और झुंझुनूं (196) प्रमुख जिले रहे।
पुलिस महानिदेशक यातायात अनिल पालीवाल ने कहा कि सड़क सुरक्षा और यातायात अनुशासन सुनिश्चित करने के लिए यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे यातायात नियमों का पालन करें और वाहनों में किसी भी प्रकार के अवैध संशोधन, काली फिल्म, हूटर या अवैध बत्ती का उपयोग न करें।