Home latest 60 परिवादों का समाधान, स्कूल विकास के लिए 5 लाख रुपये की...

60 परिवादों का समाधान, स्कूल विकास के लिए 5 लाख रुपये की घोषणा

0

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

जयपुर। (रूपनारायण सांवरिया) शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर ने गुरुवार को शासन सचिवालय स्थित पंचायती राज विभाग के सभागार से प्रदेश की पांच ग्राम पंचायतों के ग्रामीणों से वर्चुअल संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और कई मामलों का मौके पर ही समाधान कराया। उन्होंने कहा कि तकनीक के माध्यम से ग्राम पंचायत स्तर तक सीधा संवाद स्थापित कर ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित निस्तारण करना राज्य सरकार की प्राथमिकता है।

कोटा जिले की अरनिया कला ग्राम पंचायत के ग्रामीणों ने विद्यालय में इंटरलॉकिंग एवं खेल मैदान की समस्या रखी। इस पर मंत्री ने विधायक कोष से 5 लाख रुपये देने की घोषणा की। साथ ही खेल मैदान समतल कराने तथा विद्यालय परिसर में वृक्षारोपण कराने के निर्देश दिए। ग्रामीणों ने इस निर्णय पर मंत्री का आभार व्यक्त किया।

सिरोही जिले की कृष्णगंज ग्राम पंचायत के कान्तिलाल और नेनु देवी ने वृद्धावस्था पेंशन नहीं मिलने की शिकायत दर्ज कराई। जांच में जनाधार अपडेट नहीं होने का मामला सामने आया, जिस पर तत्काल कार्रवाई करते हुए जनाधार अपडेट करवाकर वार्षिक सत्यापन प्रक्रिया पूरी कराई गई। मंत्री ने बताया कि अब दोनों लाभार्थियों को राज्य सरकार के निर्णयानुसार 1450 रुपये प्रतिमाह पेंशन मिलेगी।

बांसवाड़ा जिले की आसन ग्राम पंचायत के जीवा पाटिल ने पट्टा आवेदन लंबित होने की समस्या बताई। इस पर मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को पात्रता अनुसार 20 जून तक पट्टा जारी करने के निर्देश दिए।

जैसलमेर जिले की रामदेवरा ग्राम पंचायत के नरपत राम मेघवाल एवं लक्ष्मणराम ने जल जीवन मिशन के तहत पेयजल सुविधा नहीं मिलने की शिकायत की। मंत्री ने पीएचईडी अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई कर जल जीवन मिशन 2.0 के तहत नल कनेक्शन जारी करने के निर्देश दिए।

भीलवाड़ा जिले की ओज्याडा ग्राम पंचायत के गोविंद सोनी ने विद्यालय की चारदीवारी एवं अतिक्रमण की समस्या उठाई। इस पर मंत्री ने तत्काल अतिक्रमण हटाने और विद्यालय परिसर में खाई खुदवाकर वृक्षारोपण कराने के निर्देश दिए।

जनसुनवाई के दौरान कुछ ग्राम पंचायतों से सफाई व्यवस्था संबंधी शिकायतें भी प्राप्त हुईं। मंत्री ने अधिकारियों को ग्रामीण क्षेत्रों में नियमित सफाई एवं कचरा संग्रहण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी ग्राम पंचायतों में राष्ट्रगान एवं राष्ट्रगीत का वाचन सुनिश्चित करने के लिए भी कहा।

विशेष जनसुनवाई में कृष्णगंज (सिरोही) से 11, अरनिया कला (कोटा) से 18, ओज्याडा (भीलवाड़ा) से 7, रामदेवरा (जैसलमेर) से 13 तथा आसन (बांसवाड़ा) से 11 सहित कुल 60 परिवाद प्राप्त हुए, जिनमें से कई का मौके पर ही समाधान किया गया।

जनसुनवाई में ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज राज्य मंत्री ओटाराम देवासी तथा जालौर-सिरोही सांसद लुंबाराम चौधरी भी ऑनलाइन जुड़े। इस अवसर पर पंचायती राज विभाग के शासन सचिव एवं आयुक्त डॉ. जोगाराम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version