लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
सफाई और मूलभूत सुविधाओं को बताया पहली प्राथमिकता
पीसांगन (अजमेर) | स्थानीय संवाददाता: ओमप्रकाश चौधरी
पीसांगन नगरपालिका के नवनियुक्त अधिशासी अधिकारी (ईओ) राजेंद्र चौधरी ने पदभार ग्रहण कर लिया। कार्यभार संभालने के बाद उन्होंने कस्बे में सफाई व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति, स्ट्रीट लाइट, क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत तथा सरकार की मंशा के अनुरूप पीसांगन को स्वच्छ और सुंदर बनाने को अपनी पहली प्राथमिकता बताया।
राजेंद्र चौधरी ने कहा कि आमजन से जुड़े मूलभूत कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा। नगर की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के साथ ही पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और अन्य नागरिक सुविधाओं में सुधार के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएंगे।
पदभार ग्रहण के अवसर पर नगरपालिका के कर्मचारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने नवनियुक्त ईओ का स्वागत एवं सम्मान किया। इस दौरान सभी ने शहर के समग्र विकास और जनहित के कार्यों में पूर्ण सहयोग का भरोसा भी दिलाया।


















































