लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
समाज ने दिया 24 घंटे का अल्टीमेटम
सिरोही (रिपोर्ट- तुषार पुरोहित)। पिंडवाड़ा थाना क्षेत्र में एक युवती के लापता होने के मामले ने सोमवार को तूल पकड़ लिया। श्री मारू प्रजापति समाज रोई परगना विकास समिति के नेतृत्व में बड़ी संख्या में समाज के लोगों ने थाने का घेराव कर प्रदर्शन किया और पुलिस को ज्ञापन सौंपा।
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि रिपोर्ट दर्ज होने के बावजूद पुलिस द्वारा अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है, जिससे समाज में आक्रोश व्याप्त है। उन्होंने युवती को शीघ्र दस्तयाब करने और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
समिति पदाधिकारियों ने पुलिस प्रशासन को 24 घंटे का अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी कि यदि तय समय में युवती को सुरक्षित बरामद नहीं किया गया, तो समाज उग्र आंदोलन करने को मजबूर होगा। प्रदर्शन के दौरान थाने के बाहर नारेबाजी भी की गई।
इस मामले में विश्व हिंदू परिषद के जिला मंत्री अशोक रावल ने आरोप लगाया कि गुजरात के पालनपुर स्थित एक कोचिंग सेंटर से जुड़े युवक द्वारा युवती को बहला-फुसलाकर ले जाया गया है, हालांकि पुलिस ने इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
पुलिस की ओर से कहा गया है कि मामले की जांच जारी है और युवती की तलाश के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं। अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही युवती को सुरक्षित दस्तयाब करने के प्रयास किए जा रहे हैं और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


















































