पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी में भाजपा की जीत पर प्रदेश मुख्यालय पर जश्न

0
21
- Advertisement -

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

 

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पश्चिम बंगाल में सुशासन के संकल्प को करेंगे पूरा

ममता बनर्जी ने तुष्टिकरण-भ्रष्टाचार को दिया बढ़ावा, जनता रही त्रस्त

मोदी जी का सिर्फ एक ही एजेंडा है- विकास, इसी नीति से राजस्थान में 2028 के चुनावों में फिर से खिलेगा कमल

– मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा

जयपुर । पश्चिम बंगाल, असम और पुदुचेरी में भाजपा-एनडीए की ऐतिहासिक जीत पर भाजपा प्रदेश मुख्यालय में भव्य उत्सव मनाया गया। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ के साथ भाजपा पदाधिकारीगण, सरकार के मंत्रीगण और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने बंगाली मिठाई ‘संदेश’, मिष्टी दोई, झालमुड़ी खिलाकर खुशी व्यक्त की।

इस अवसर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भारतीय जनता पार्टी और श्यामा प्रसाद मुखर्जी के सपनों को लगातार एक के बाद एक पूरा कर रहे हैं। मुखर्जी के धारा 370 हटाने के सपने को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने साकार किया। अब पश्चिम बंगाल में सुशासन का संकल्प भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पूरा करेंगे। उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद ‘नरेंद्र’ ने कहा था कि 21वीं सदी भारत की होगी, और इस नरेंद्र ने इसे साकार करने का काम किया। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश निरंतर आगे बढ़ रहा है।

मुख्यमंत्री ने पश्चिम बंगाल के कार्यकर्ताओं के संघर्ष पर साधुवाद दिया और उनके अथक मेहनत व परिश्रम के लिए बहुत-बहुत शुभकामनाएं दीं। शर्मा ने कार्यकर्ताओं को प्रण दिलाया कि “कश्मीर हो या हो गुवाहाटी- अपना देश, अपनी माटी” के लिए हम सभी को मिलकर कार्य करना है। राष्ट्र के लिए, प्रदेश के लिए और जनता के लिए हम कैसे कार्य कर सकते हैं, यही हमारा विजन होना चाहिए।

उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी ने सदैव तुष्टिकरण और भ्रष्टाचार को बढ़ावा दिया। वहां ममता के राज में दुकानदार, व्यापारी और आमजन सभी परेशान थे। अब पश्चिम बंगाल में डबल इंजन सरकार विकास करेगी। सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री जो संकल्प लेते हैं, उसे पूरा करते ही हैं।
उन्होंने राजस्थान की चर्चा करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से राजस्थान में विकास के लिए जो मांगा, उससे अधिक दिया। मोदी का सिर्फ और सिर्फ एक ही एजेंडा है- विकास। मोदी की इसी नीति के चलते राजस्थान में 2028 के विधानसभा चुनावों में फिर से भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनेगी।

विपक्ष ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम संशोधन का किया विरोध, जनता ने वोट की चोट से दिया जवाब – मुख्यमंत्री
मीडिया से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पश्चिम बंगाल, असम और पुदुचेरी की जनता ने प्रधानमंत्री के नेतृत्व और काम पर भरोसा किया है। यह जीत प्रधानमंत्री के विजन की है। उन्होंने कहा कि बंगाल में भ्रष्टाचार और तुष्टिकरण की पराकाष्ठा हुई तथा घुसपेठियों ने आमजन की हत्याएं की। इसका जवाब जनता ने वोट के जरिए दिया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस और इंडी गठबंधन की अन्य पार्टियों ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम संशोधन का संसद में विरोध कर गिराने का काम किया। जनता ने इसका भी वोट की चोट से जवाब दिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा विकास की राजनीति करती है। वर्ष 2014 के बाद प्रधानमंत्री के नेतृत्व में गरीब कल्याण की योजनाएं, नक्सलवाद-आतंकवाद का खात्मा और दुनियाभर भारत का गौरव बढ़ा है।

इस दौरान पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अशोक परनामी, सतीश पूनिया, सांसद घनश्याम तिवाड़ी, मंजू शर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष सुरेंद्र पाल सिंह टीटी, मुकेश दाधीच, प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी, कैलाश मेघवाल, भूपेंद्र सैनी, डॉ. मिथिलेश गौतम, प्रदेश मंत्री नारायण मीणा, अजीत मांडण, एकता अग्रवाल, सीताराम पोसवाल, प्रदेश कार्यालय प्रभारी मुकेश पारीक, मीडिया प्रभारी प्रमोद वशिष्ठ, मंत्री जोगाराम पटेल, हीरालाल नागर, मदन दिलावर, गौतम दक, केके विश्नोई, मंजू बाघमार, राज्यवर्धन सिंह राठौड़, कन्हैयालाल चौधरी, विजय सिंह, विधायक गोपाल शर्मा, बाल मुकुंदाचार्य महाराज सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं भाजपा प्रदेश पदाधिकारीगण उपस्थित रहे।

- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here