लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जसवंताबाद का फॉलोअप शिविर बना मिसाल
22 विभागों ने एक ही छत के नीचे दी सेवाएं, राजस्व, बिजली और पेयजल से जुड़े मामलों का मौके पर समाधान
जसवंताबाद। राज्य सरकार के निर्देशानुसार पंचायत समिति रियांबड़ी की ग्राम पंचायत जसवंताबाद स्थित आईटीआई सेवा केंद्र में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर के फॉलोअप शिविर में वर्षों से लंबित कई मामलों का मौके पर निस्तारण किया गया। 22 विभागों की संयुक्त भागीदारी वाले इस शिविर में सबसे बड़ी उपलब्धि 35 वर्ष पुराने भूमि बंटवारे के विवाद का आपसी सहमति से समाधान रही। वहीं, ग्रामीणों की शिकायत पर मात्र दो घंटे में नया ट्रांसफार्मर स्थापित कर बिजली आपूर्ति भी बहाल कर दी गई।
35 वर्षों से लंबित भूमि विवाद का समाधान
सहायक विकास अधिकारी जगदीश प्रसाद सैनी ने बताया कि फॉलोअप शिविरों का उद्देश्य पूर्व में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविरों में लंबित प्रकरणों का निस्तारण करने के साथ-साथ विभिन्न विभागों की सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराना है।
शिविर के दौरान प्रशासन की पहल से प्रजापत समाज के चार भाइयों—चेतनराम प्रजापत, धर्माराम प्रजापत, चेनाराम प्रजापत और हनुमानराम प्रजापत—के बीच पिछले 35 वर्षों से लंबित भूमि बंटवारे का विवाद आपसी सहमति से सुलझाया गया। राजस्व प्रक्रिया पूरी होने के बाद चारों भाइयों ने एक-दूसरे का मुंह मीठा कर प्रशासन का आभार व्यक्त किया।
ग्रामीणों की शिकायत पर 2 घंटे में बदला ट्रांसफार्मर
शिविर के दौरान प्रशासक संतोष देवी बाना और उनके प्रतिनिधि समाजसेवी रामअवतार बाना के नेतृत्व में ग्रामीणों ने बिजली आपूर्ति बाधित होने की समस्या उठाई। शिकायत मिलते ही प्रशासन ने विद्युत विभाग को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। विभाग ने नया ट्रांसफार्मर आईटीआई सेवा केंद्र पहुंचाकर करीब दो घंटे के भीतर स्थापित कर दिया, जिससे बिजली आपूर्ति सुचारु हो गई। त्वरित कार्रवाई पर ग्रामीणों ने प्रशासन और विद्युत विभाग का आभार जताया।
राजस्व विभाग ने निपटाए कई मामले
शिविर में राजस्व विभाग ने 9 म्यूटेशन, एक फार्मर रजिस्ट्री पंजीयन, तीन अभिलेख शुद्धिकरण तथा सात जाति एवं मूल निवास प्रमाण पत्र जारी किए। इसके अलावा अन्य विभागों ने भी अपने-अपने लंबित प्रकरणों का निस्तारण कर आमजन को राहत प्रदान की।
पेयजल समस्या के समाधान का भरोसा
ग्रामीणों ने शिविर में पेयजल संकट का मुद्दा भी उठाया। उनका कहना था कि नियमित जलापूर्ति नहीं होने से लंबे समय से परेशानी हो रही है। इस पर नायब तहसीलदार प्रेमकुमार ढेबाना ने संबंधित विभाग को आवश्यक निर्देश देते हुए शीघ्र सुधार का आश्वासन दिया।
22 विभागों के अधिकारी रहे मौजूद
शिविर में नायब तहसीलदार प्रेमकुमार ढेबाना, प्रशासक संतोष देवी बाना, प्रशासक प्रतिनिधि रामअवतार बाना, भू-अभिलेख निरीक्षक सुरेश कुमार, पशु चिकित्सक डॉ. विपुल ककड़ावा, आयुष चिकित्सक डॉ. रतनाराम, ग्राम विकास अधिकारी आकाश तिवाड़ी, पटवारी चेनाराम, विद्युत विभाग के कनिष्ठ अभियंता मनोज कुमार, कृषि पर्यवेक्षक गोपाल बराड़ा, छात्रावास अधीक्षक कैलाशदान सहित 22 विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।