लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
अंता उपचुनाव: सचिन पायलट ने प्रमोद जैन भाया के समर्थन में किया रोड शो,
अंता विधानसभा में हो रहे उपचुनाव को लेकर आज चुनावी माहौल गर्माया जब कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और राजस्थान के पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट ने कांग्रेस प्रत्याशी प्रमोद जैन भाया के समर्थन में रोड शो किया।
रोड शो में उमड़ी भारी भीड़ ने दोनों नेताओं के उत्साह को और बढ़ा दिया। पायलट और भाया पूरी तरह आत्मविश्वास से भरे नजर आए कि इस उपचुनाव में कांग्रेस शानदार जीत हासिल करेगी।
रोड शो के दौरान सचिन पायलट ने कहा कि अंता क्षेत्र में जितने भी प्रमुख विकास कार्य हुए हैं, वे कांग्रेस सरकार के दौरान ही हुए हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा इस इलाके को प्राथमिकता दी और यहां की समस्याओं को गंभीरता से उठाया।
पायलट ने कहा,
“यहां के बीजेपी विधायक को हमने नहीं, बल्कि माननीय न्यायालय ने अयोग्य घोषित किया है। कोर्ट ने कहा कि वह सदन का सदस्य बनने योग्य नहीं हैं। इसलिए यहां उपचुनाव हो रहे हैं।”
उन्होंने आगे कहा कि उपचुनाव में जनता भाजपा सरकार के दो साल के कार्यकाल का मूल्यांकन कर रही है।
“जिन वादों के आधार पर भाजपा सत्ता में आई थी, उनमें से लगभग सभी वादों से पीछे हट चुकी है। दो साल में भाजपा ने जनता के साथ विश्वासघात किया है।”

सचिन पायलट ने भाजपा में टिकट बंटवारे को लेकर उठे विवादों पर भी टिप्पणी की और कहा कि इससे भाजपा की अंदरूनी खींचतान सामने आ चुकी है।
उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस इस उपचुनाव को बहुत अच्छे बहुमत से जीतेगी।
उन्होंने कहा कि सरकार और पूरी मशीनरी भले पूरी ताकत लगा ले, लेकिन जनता कांग्रेस के साथ खड़ी है।
पायलट ने कहा,
“36 कौम के लोग हमेशा की तरह कांग्रेस को ही आशीर्वाद देंगे। प्रमोद जैन भाया इस बार भी बड़े बहुमत से जीतकर जाएंगे और अंता से निकलने वाला यह संदेश पूरे देश में जाएगा।”
यहां उन्होंने बिहार के चुनावों का भी जिक्र किया और कहा कि वहां महागठबंधन बड़े बहुमत से सत्ता में लौटेगा क्योंकि जनता 20 साल की व्यवस्था से बदलाव चाहती है।
“बिहार में डबल इंजन सरकार फेल हो चुकी है।” 
सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस प्रत्याशी प्रमोद जैन भाया ने कहा कि जनता ने हर बार उन्हें सेवा का अवसर दिया है और उन्होंने कभी विकास कार्यों में कमी नहीं आने दी।
उन्होंने कहा कि धार्मिक, सामाजिक, और जनहित के कार्यों में वह हमेशा आगे रहे हैं।
“हजारों बच्चों और गरीबों की मदद करना मेरा स्वभाव है, पद पर रहूं या न रहूं। जनता इस बार भी आशीर्वाद देगी तो पहले से दोगुनी ताकत से सेवा करूँगा।”
रोड शो में भारी भीड़ उमड़ी और स्थानीय लोगों का कहना था कि यह हाल के वर्षों में अंता का सबसे बड़ा रोड शो रहा।
















































