लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
पादूकलां। कस्बे के आचार्य तुलसी तेरापंथ राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में रविवार को पल्स पोलियो अभियान का आयोजन किया गया। अभियान के तहत जीरो से पांच वर्ष तक के 621 बच्चों को पोलियो रोधी खुराक पिलाई गई। कस्बे में कुल 498 बच्चों ने भी दवा ली। अभियान के दौरान जागरूकता के संदेश “दो बूंद जिंदगी” पर विशेष जोर रहा।
अभियान की व्यवस्थाएँ और मॉनिटरिंग
सुपरवाइजर अरविंद शर्मा ने बताया कि पादूकलां सेक्टर में प्रभावी निगरानी के लिए दो मोबाइल टीमें और एक ट्रांजिट बूथ स्थापित किया गया। कुल 7 बूथों पर बच्चों को दवा पिलाई गई।
रियांबड़ी बीसीएमओ डॉ. चेनाराम चौधरी ने स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर सभी बूथों का निरीक्षण किया और टीमों को शत-प्रतिशत लक्ष्य पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि “शून्य से पांच वर्ष तक के हर बच्चे को पोलियो रोधी खुराक देना हमारी जिम्मेदारी है।”
चिकित्सा टीम और स्वयंसेवकों का सहयोग
अभियान में चिकित्सा अधिकारी डॉ. बनवारीलाल गुर्जर, सेक्टर प्रभारी डॉ. गौरव सामोता, नर्सिंग ऑफिसर दिनेश कमेड़िया, सुपरवाइजर सुनील मेघवाल, एएनएम सरिता सारस्वत, अलका पारीक, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, आशा सहयोगिनी एवं स्वयंसेवक सक्रिय रहे।
अभियान के दूसरे दिन डोर-टू-डोर जाकर बच्चों को खुराक पिलाई जाएगी।
डोडियाना सहित अन्य क्षेत्रों में भी सक्रियता
डोडियाना के राजकीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉ. दीपिका ने बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई। इसी प्रकार कई पंचायत क्षेत्रों —
फड़ौदा, मेवड़ा, नथावड़ा, पालड़ीकलां, बिखरनियाकलां, कोड, लांपोलाई, डोडियाना — में प्रशासकों और जनप्रतिनिधियों ने 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को ‘दो बूंद जिंदगी’ पिलाकर अभियान को सफल बनाया।
अभियान ने एक बार फिर बाल स्वास्थ्य और पोलियो उन्मूलन के प्रति जागरूकता को मजबूत संदेश दिया।















































