लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
राजसमंद (गौतम शर्मा)। राजसमंद जिले के केलवा थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। NH-8 पर गोमती-उदयपुर फोरलेन स्थित मोखमपुरा के पास एक मादा लेपर्ड का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
ग्रामीणों ने इसकी सूचना वन विभाग की हेल्पलाइन 1926 पर दी, जिसके बाद विभाग की टीम मौके पर पहुंची। सूचना मिलते ही राजसमंद रेंजर लादूलाल शर्मा अपनी रेस्क्यू टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि लेपर्ड का शव सड़क किनारे राजसमंद से केलवा जाने वाली साइड पर पड़ा था। वन विभाग ने मौके पर पंचनामा कार्रवाई कर शव को पिपरड़ा स्थित नर्सरी भिजवाया, जहां पशु चिकित्सकों—डॉ. जावेद खान पठान, डॉ. संदीप गौतम और डॉ. महेंद्र व्यास—की टीम ने पोस्टमार्टम किया।
जांच में लेपर्ड के सिर में गंभीर चोट पाई गई है। प्रथम दृष्टया उसकी मौत अज्ञात वाहन की टक्कर से होना माना जा रहा है। मृत मादा लेपर्ड की उम्र लगभग 3 से 4 वर्ष बताई गई है। पोस्टमार्टम के बाद नियमानुसार अंतिम संस्कार कर दिया गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार मोखमपुरा क्षेत्र के आसपास स्थित मार्बल डंपिंग यार्ड में अक्सर लेपर्ड की आवाजाही रहती है। आशंका जताई जा रही है कि पानी या शिकार की तलाश में सड़क पर आने के दौरान यह हादसा हुआ।
इस घटना ने एक बार फिर वन्यजीवों की सुरक्षा और हाईवे पर उनकी आवाजाही के लिए प्रभावी उपायों की आवश्यकता को उजागर कर दिया है।
