लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
ब्लैक स्पॉट सुधार, रोड साइनेज और निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश
नागौर। (प्रदीप कुमार डागा) जिला कलेक्टर देवेंद्र कुमार ने मंगलवार को राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-62 के नागौर-बीकानेर सेक्शन तथा पीडब्ल्यूडी एनएच नागौर के अधीन सड़कों का निरीक्षण कर सड़क सुरक्षा एवं निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने हाईवे पर स्थित ब्लैक स्पॉट और प्रमुख दुर्घटना स्थलों का जायजा लेते हुए संबंधित एजेंसियों को आवश्यक सुधारात्मक उपाय करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और आमजन की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए चिन्हित ब्लैक स्पॉट्स पर त्वरित एवं प्रभावी कार्य किए जाएं। उन्होंने रम्बल स्ट्रिप्स, स्पीड ब्रेकर, रोड साइनेज लगाने तथा घुमावदार स्थानों पर झाड़ियों की कटाई जैसे कार्य प्राथमिकता से कराने के निर्देश दिए। साथ ही सड़क सुरक्षा मानकों के अनुरूप आवश्यक संकेतक और सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान देवेंद्र कुमार ने कृषि मंडी तिराहा से गोगेलाव तक प्रस्तावित 6.2 किलोमीटर लंबी सड़क निर्माण परियोजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए कार्य को निर्धारित समय में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने रीको जंक्शन पर चल रहे निर्माण कार्य का भी अवलोकन कर गुणवत्ता मानकों का विशेष ध्यान रखने को कहा।
कलेक्टर ने मानेसर पुलिया पर सुरक्षा रेलिंग लगाने, जेएलएन अस्पताल के पास रोड लाइट व्यवस्था को सुचारू रखने तथा कॉलेज रोड के मीडियन में वृक्षारोपण कराने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए।
निरीक्षण के दौरान सार्वजनिक निर्माण विभाग (राष्ट्रीय राजमार्ग) वृत्त बीकानेर के अधीक्षण अभियंता, पीडब्ल्यूडी (एनएच) खंड नागौर के अधिशाषी अभियंता, ट्रैफिक पुलिस अधिकारी, जिला परिवहन विभाग के प्रतिनिधि तथा निर्माण एजेंसी के अधिकारी उपस्थित रहे।
























































