लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
पादूकलां (नागौर)। राज्य सरकार के सेवा पखवाड़ा अभियान के तहत नागौर जिले के पादूकलां क्षेत्र की ग्राम पंचायत नथावड़ा में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर में ग्रामीणों को एक ही छत के नीचे 22 विभागों की सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। शिविर में विभिन्न सरकारी योजनाओं से जुड़े प्रकरणों का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जिससे ग्रामीणों को राहत मिली।
नथावड़ा के आईटी सेवा केंद्र परिसर में आयोजित शिविर का शुभारंभ प्रशासक रामदेव लोमरोड़ की मौजूदगी में हुआ। इस अवसर पर सहायक विकास अधिकारी सुखाराम नेण, ग्राम विकास अधिकारी रमेश जाजड़ा, पटवारी अनिल झुरिया, भू-निरीक्षक सत्यनारायण सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
विभिन्न योजनाओं के प्रकरणों का हुआ निस्तारण
शिविर में प्रधानमंत्री आवास योजना के 24 प्रकरणों का निस्तारण किया गया। इसके अलावा 15 पेंशन सत्यापन, 5 पालनहार योजना सत्यापन और 15 नई पेंशन के प्रकरणों का भी मौके पर समाधान किया गया।
राजस्व विभाग की ओर से 2 बंटवारा, 10 नामांतरण, 20 जाति प्रमाण पत्र, 20 मूल निवास प्रमाण पत्र, 10 जन्म प्रमाण पत्र, 5 मृत्यु प्रमाण पत्र तथा 5 विवाह पंजीयन से जुड़े कार्य संपन्न किए गए।
स्वास्थ्य जांच और महिला-बाल विकास कार्यक्रम
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शिविर में 40 ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। साथ ही 10 लोगों का ब्लड प्रेशर और 8 लोगों की शुगर जांच भी की गई।
महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से गर्भवती महिलाओं की गोद भराई की रस्म आयोजित की गई, वहीं एक बच्चे का जन्मदिवस भी मनाया गया।
गांव में ही मिली सरकारी सेवाओं की सुविधा
ग्रामीण सेवा शिविर का उद्देश्य आमजन को विभिन्न सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ गांव स्तर पर ही उपलब्ध कराना है। नथावड़ा में आयोजित शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर योजनाओं का लाभ लिया और कई लंबित कार्यों का मौके पर ही निस्तारण कराया। इससे लोगों को सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने से भी राहत मिली।
















































