लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
श्री द्वारकाधीश राजकीय कन्या महाविद्यालय में नशा मुक्ति अभियान के तहत विशेष व्याख्यान, मार्गदर्शन और शपथ ग्रहण समारोह आयोजित
गौतम शर्मा, राजसमंद
राजसमंद। डुमखेड़ा चौराहे स्थित श्री द्वारकाधीश राजकीय कन्या महाविद्यालय राजसमंद में नई किरण नशा मुक्ति अभियान एवं राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के तत्वावधान में विशेष व्याख्यान, मार्गदर्शन एवं शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए शिक्षा, नैतिक मूल्यों और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. कुलदीप सिंह गहलोत ने की। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रखते हुए नैतिक मूल्यों, शिक्षा और सकारात्मक जीवनशैली से जोड़ना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रेरणादायी कार्यक्रम विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास के साथ उनके उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
नशा स्वास्थ्य के साथ परिवार और समाज को भी करता है प्रभावित
मुख्य वक्ता राजकीय मीरा कन्या महाविद्यालय, उदयपुर के आर्थिक प्रशासन एवं वित्तीय प्रबंधन विभाग के सहायक आचार्य डॉ. सुनील कुमार खटीक ने छात्राओं को नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य के साथ-साथ परिवार, समाज और राष्ट्र के विकास में भी बाधक बनता है। 
उन्होंने परिवार, अध्यात्म और रोजगार जैसे विषयों पर चर्चा करते हुए कहा कि अध्यात्म के माध्यम से मन को नियंत्रित कर नशे जैसी बुराई से दूरी बनाई जा सकती है। उन्होंने छात्राओं से नशे से बचने के साथ ही अपने आसपास के लोगों को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।
छात्राओं को दिलाई नशा मुक्ति की शपथ
सहायक आचार्य डॉ. मुकेश कुमार मेनारिया ने छात्राओं को नशा मुक्ति अभियान को सफल बनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों, महाविद्यालय स्टाफ और विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम संयोजक सहायक आचार्य डॉ. ममता नारायण ने नशे के कारण समाज पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए छात्राओं को नशा मुक्ति के प्रति जागरूक किया। इसके बाद उन्होंने सभी उपस्थित छात्राओं एवं सदस्यों को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई।
कार्यक्रम में सहायक आचार्य डॉ. भानुप्रिया, राजेश पालीवाल, डॉ. गरिमा शर्मा, डॉ. रवि कुमार भूपेश सहित महाविद्यालय के अन्य विभागीय सदस्य और छात्राएं उपस्थित रहीं।

















































