लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
रोजी-रोटी प्रभावित होने का आरोप
कोटपूतली, 3 जुलाई। कोटपूतली नगर परिषद द्वारा अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान जेसीबी से रेहड़ी-ठेलों को हटाए जाने और कथित रूप से नुकसान पहुंचने के बाद छोटे व्यापारियों में नाराजगी देखने को मिली।
प्रभावित रेहड़ी एवं ठेला विक्रेताओं का आरोप है कि नगर परिषद ने उन्हें कोई स्थायी वैकल्पिक स्थान उपलब्ध कराए बिना कार्रवाई की, जिससे उनकी आजीविका पर सीधा असर पड़ा है। उनका कहना है कि अतिक्रमण हटाने के नाम पर गरीब परिवारों की रोजी-रोटी छीन ली गई और उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।
विक्रेताओं ने नगर परिषद की कार्रवाई को मनमाना बताते हुए कहा कि प्रशासन को पहले उनके पुनर्वास की व्यवस्था करनी चाहिए थी। उनका कहना है कि वर्षों से छोटे कारोबार के जरिए परिवार का पालन-पोषण करने वाले लोगों के सामने अब रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है।
नगर परिषद की इस कार्रवाई को लेकर शहर में चर्चा का माहौल है और प्रभावित व्यापारियों ने प्रशासन से उचित समाधान तथा वैकल्पिक स्थान उपलब्ध कराने की मांग की है।











































