Home latest नावां में ईद मिलादुन्नबी के जुलूस के दौरान डीजे बजाने को लेकर...

नावां में ईद मिलादुन्नबी के जुलूस के दौरान डीजे बजाने को लेकर तनाव के बाद शांति

0

लोक टुडे न्यूज नेटवर्क- संवाददाता मनीष पारीक

डीडवाना जिले के नावां शहर से बड़ी खबर आ रही है। ईद मिलादुन्नबी के मौके पर शुक्रवार सुबह निकाले जा रहे जुलूस के दौरान उस वक्त हालात तनावपूर्ण हो गए जब पुलिस ने डीजे बंद करवा दिया। अचानक हुए इस घटनाक्रम से माहौल गरमा गया और लोगों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। हालांकि मौके पर पहुंचे अधिकारियों की समझाइश के बाद हालात काबू में आ गए और शांति व भाईचारे के संदेश के साथ जुलूस निकाला गया।

ईद मिलादुन्नबी का जुलूस में डीजे को लेकर विवाद

नावां शहर में ईद मिलादुन्नबी का जुलूस निकाला जा रहा था। धार्मिक तरानों और डीजे की आवाज़ से माहौल गूंज रहा था, तभी पुलिस ने बिना अनुमति डीजे बजाए जाने पर कार्रवाई करते हुए उसे बंद करा दिया। इसके बाद जुलूस में शामिल लोग आक्रोशित हो गए और “पुलिस मुर्दाबाद” के नारे लगने लगे।

तनाव बढ़ता देख तहसीलदार रामेश्वरलाल और थानाधिकारी नंदलाल तुरंत मौके पर पहुंचे और समझाइश का प्रयास किया। अधिकारियों का कहना था कि डीजे बजाने की प्रशासन से पूर्व अनुमति नहीं ली गई थी।

हालात बिगड़ते देख सीओ कुचामन अरविंद विश्नोई भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने लोगों से बातचीत की और पुलिस की मौजूदगी में शांति व भाईचारे का संदेश देते हुए जुलूस को आगे बढ़वाया। इसके बाद माहौल बदला और लोग “पुलिस जिंदाबाद” के नारे लगाते नज़र आए।

पुलिस जाप्ते की कड़ी निगरानी में जुलूस जामा मस्जिद से होते हुए पुराने बस स्टैंड और मुख्य बाजार से गुजरकर जामा मस्जिद पहुंच कर संपन्न हुआ।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version