लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
नागौर (प्रदीप कुमार डागा) – राजस्थान सरकार की प्रदेश स्तरीय आईपीएस ट्रांसफर सूची के तहत नागौर जिले में बड़ा प्रशासनिक बदलाव हुआ है। जिले के पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा का तबादला कर उन्हें बीकानेर पदस्थ किया गया। उनके विदाई समारोह में पुलिस विभाग और स्थानीय प्रशासन ने गाजे-बाजे के साथ उन्हें सम्मानित किया।
मृदुल कच्छावा के कार्यकाल में नागौर पुलिस ने नशे के खिलाफ सख्त अभियान चलाया। लगातार छापेमारी, गिरफ्तारी और सक्रिय कार्रवाई से नशा तस्करों में खौफ का माहौल बना और आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत हुई। उनके नेतृत्व में जिले में कई मामलों में प्रभावी कार्रवाई की गई, जिससे नशे के कारोबार पर कड़ा संदेश गया।
कच्छावा के बीकानेर स्थानांतरण के बाद नागौर में नए पुलिस अधीक्षक की नियुक्ति को लेकर चर्चा शुरू हो गई है। आमजन की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि नए एसपी नशे के खिलाफ जारी मुहिम और कानून-व्यवस्था को कितनी मजबूती से आगे बढ़ाते हैं।
हालांकि प्रशासनिक फेरबदल सरकार की नियमित प्रक्रिया का हिस्सा है, लेकिन नागौर में पिछले समय में नशे के खिलाफ चलाए गए सख्त अभियान को देखते हुए पुलिस नेतृत्व में बदलाव लोगों में उत्सुकता और उम्मीद दोनों पैदा कर रहा है। मृदुल कच्छावा का कार्यकाल जिले में सक्रिय और प्रभावी पुलिसिंग के रूप में याद किया जाएगा।