लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
प्रधानमंत्री मोदी के 12 वर्ष के कार्यकाल को बताया ऐतिहासिक
जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शनिवार को मीडिया संवाद के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 12 वर्षों के कार्यकाल को “विश्वास, विकास और जनकल्याण” के प्रति समर्पित बताते हुए कहा कि यह अवधि भारत के लिए ऐतिहासिक बदलावों की रही है।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को उनके सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने की उपलब्धि पर बधाई देते हुए कहा कि 2014 से पहले देश भ्रष्टाचार, महंगाई, आतंकवाद और आर्थिक चुनौतियों से जूझ रहा था, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने इन सभी चुनौतियों से बाहर निकलकर नई विकास यात्रा शुरू की।
25 करोड़ से अधिक लोग गरीबी से बाहर आए
सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री की योजनाओं से देश में पहली बार बड़े स्तर पर गरीबों तक पक्के मकान, बिजली, गैस कनेक्शन, शौचालय और स्वच्छ पेयजल जैसी सुविधाएं पहुंचीं। उन्होंने दावा किया कि सरकारी योजनाओं के प्रभाव से 25 करोड़ से अधिक लोग गरीबी से बाहर आए हैं।
उन्होंने बताया कि देश में अब तक 80 करोड़ से अधिक लोगों को मुफ्त राशन और 60 करोड़ से अधिक गरीबों को 5 लाख रुपये तक के मुफ्त इलाज की सुविधा मिल रही है।
युवा, महिला और किसान सशक्तिकरण पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने युवा शक्ति को देश की सबसे बड़ी पूंजी माना है और स्टार्टअप इंडिया, डिजिटल अर्थव्यवस्था, कौशल विकास और खेल क्षेत्र में नए अवसर विकसित किए हैं।
उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण के लिए उज्ज्वला योजना, पीएम आवास योजना, मुद्रा योजना और “लखपति दीदी” जैसी योजनाओं ने महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत किया है।
किसानों के लिए बीज से बाजार तक सुधार, पीएम किसान सम्मान निधि, सिंचाई सुविधाओं और एमएसपी बढ़ोतरी जैसे कदमों को उन्होंने कृषि क्षेत्र में बड़ा बदलाव बताया।
राष्ट्रीय सुरक्षा और बड़े निर्णयों का उल्लेख
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने राष्ट्रीय सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए आतंकवाद पर “जीरो टॉलरेंस नीति” अपनाई है। उन्होंने सर्जिकल स्ट्राइक, एयर स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत ने आतंकवाद को करारा जवाब दिया है।
इसके साथ ही उन्होंने धारा 370 हटाने, जीएसटी लागू करने और वन रैंक वन पेंशन जैसे निर्णयों को ऐतिहासिक बताया।
राजस्थान को मिला व्यापक लाभ
सीएम ने कहा कि केंद्र की योजनाओं का सबसे अधिक लाभ राजस्थान को मिला है—
- 34 लाख से अधिक पीएम आवास
- 63 लाख से अधिक नल कनेक्शन
- 89 लाख शौचालय
- 3.83 करोड़ जन-धन खाते
- 53 हजार किमी से बढ़कर 86 हजार किमी ग्रामीण सड़कें
- 35 हजार करोड़ रुपये से अधिक पीएम फसल बीमा मुआवजा
उन्होंने कहा कि राज्य में प्रति व्यक्ति आय 69 हजार रुपये से बढ़कर 2 लाख रुपये से अधिक हो गई है।
“मोदी है तो मुमकिन है” का संदेश
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हुआ है और “मोदी है तो मुमकिन है” की भावना आज देशभर में दिखाई दे रही है।
कार्यक्रम के दौरान 12 वर्षों की उपलब्धियों पर आधारित वीडियो फिल्म भी प्रदर्शित की गई। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे।


















































