लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
महात्मा ज्योतिबा फुले ने सामाजिक न्याय और शिक्षा की ज्योति जलाई: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा
दौसा/जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि महात्मा ज्योतिबा फुले का जीवन महिलाओं, किसानों, मजदूरों और वंचित वर्ग के उत्थान के लिए समर्पित रहा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उनके मिशन को आगे बढ़ा रहे हैं और देश सामाजिक समरसता के मार्ग पर तेजी से आगे बढ़ रहा है।
मुख्यमंत्री बांदीकुई में महात्मा ज्योतिबा फुले की 200वीं जयंती एवं 607.66 करोड़ रुपये की लागत से 213 विकास कार्यों के लोकार्पण एवं शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
द्विशताब्दी जयंती वर्ष मनाया जाएगा
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री के आह्वान पर 10 अप्रैल से 10 अप्रैल 2027 तक महात्मा फुले की द्विशताब्दी जयंती वर्ष के रूप में पूरे देश में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
सामाजिक सुधार और शिक्षा पर जोर
उन्होंने कहा कि महात्मा फुले ने पिछड़ों और महिलाओं के मन में शिक्षा और सामाजिक न्याय की अलख जगाई। सावित्री बाई फुले को शिक्षित कर उन्होंने सामाजिक परिवर्तन की शुरुआत की। फुले ने झुग्गी-झोपड़ियों में जाकर बेटियों को पढ़ने के लिए प्रेरित किया और विधवाओं एवं अनाथों के लिए आश्रय गृह स्थापित किए।
25 करोड़ लोग गरीबी से बाहर
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं—प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन, जल जीवन मिशन, उज्ज्वला योजना और जन धन योजना—से देश में 25 करोड़ से अधिक लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं।
किसानों और महिलाओं के लिए पहल
उन्होंने बताया कि पीएम किसान सम्मान निधि की राशि 6 हजार से बढ़ाकर 9 हजार रुपये की गई है और गेहूं की खरीद पर 150 रुपये प्रति क्विंटल बोनस दिया जा रहा है।
प्रदेश में 20 लाख महिलाओं को प्रशिक्षण देकर 16 लाख महिलाओं को “लखपति दीदी” बनाया गया है।
युवाओं को रोजगार और सख्त कार्रवाई
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में अब तक 1.25 लाख से अधिक सरकारी नौकरियां दी जा चुकी हैं और इतनी ही नई भर्तियों का मार्ग प्रशस्त किया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि पेपरलीक और जेजेएम घोटाले में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।
विकास में केंद्र का सहयोग
उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार के सहयोग से एचपीसीएल राजस्थान रिफाइनरी और जयपुर मेट्रो फेज-2 जैसी परियोजनाओं को मंजूरी मिली है।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा, मंत्री अविनाश गहलोत, राज्यसभा सांसद राजेंद्र गहलोत सहित कई जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।