लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
पीड़ित महिलाओं को एक क्लिक पर मिल रही पुलिस मदद
राजकॉप सिटिजन ऐप में पुलिस का रेस्पॉन्स टाइम कम होने से महिला अपराधों में आई कमी
जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार महिलाओं को सुरक्षित एवं भयमुक्त वातावरण देने के लिए प्रतिबद्ध है। महिला सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता मानते हुए प्रदेश सरकार कार्य कर रही है। इसी क्रम में सरकार द्वारा शुरू किया गया राजकॉप सिटिजन ऐप महिलाओं को तुरंत सहायता पहुंचाने में अहम भूमिका निभा रहा है। ऐप के माध्यम से पीडित महिलाओं को ‘ऑन द स्पॉट’ त्वरित सहायता मिल रही है। इस ऐप की खासियत यह है कि पुलिस के पीड़िता तक पहुंचने का औसत रेस्पॉन्स टाइम काफी कम है। राज्य सरकार द्वारा की गई इस पहल से जहां महिला अपराधों में कमी आई है, वहीं आमजन तक कानून व्यवस्था की सुलभ पहुंच सुनिश्चित हुई है।
29 हजार 700 से अधिक पीड़िताओं तक पहुंची मदद
राजकॉप सिटिजन ऐप को उपयोग में बहुत ही सरल बनाया गया है। ऐप के माध्यम से महिलाओं को आपातकालीन एवं गैर आपातकालीन सहायता उपलब्ध कराई जाती है। इस ऐप पर जाकर जब ‘नीड हेल्प’ बटन पर क्लिक किया जाता है, तो उसका एक नोटिफिकेशन 1090 के कंट्रोलरूम में आ जाता है। कंट्रोलरूम द्वारा पीडिता को फोन/मैसेज कर, समस्या की जानकारी लेकर तथा पीड़िता की लाइव लोकेशन ट्रेस कर तुरंत पुलिस मदद पहुंचाई जाती है। यह ऐप महिला छेड़छाड़ एवं अन्य महिला अपराध के प्रकरणों में मददगार साबित हो रही है। इस ऐप के माध्यम से अब तक 29 हजार 742 प्रकरण आए हैं, जिनमें से 29 हजार 737 मामलों का निस्तारण किया जा चुका है।
