लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
गौशालाओं में दान-पुण्य, दिनभर चला पतंगबाजी का दौर
उनियारा | (सत्यप्रकाश मयंक) उनियारा शहर सहित पूरे उपखंड क्षेत्र में मकर संक्रांति का पर्व बुधवार को श्रद्धा, आस्था एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। पर्व के अवसर पर लोगों ने दान-पुण्य कर गौसेवा को प्राथमिकता दी तथा गौशालाओं एवं सार्वजनिक स्थानों पर गौमाता को हरा चारा अर्पित किया।
इंदरगढ़ रोड स्थित कामधेनु गोपाल गौशाला एवं गौ संवर्धन गौशाला में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर गौमाता की सेवा की तथा उन्हें हरा चारा, गुड़ एवं दलिये की लापसी खिलाई। वहीं बस स्टैंड, बावड़ी का चौक, फुलवारी गेट एवं खतौली गेट सहित विभिन्न स्थानों पर लोगों ने गौमाता को हरा चारा डाला। गौशालाओं की ओर से विभिन्न स्थानों पर खड़ी चारा संग्रहण गाड़ियों में भी श्रद्धालुओं ने चारा एवं दान डाला।
इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने पक्षियों के लिए दाना डाला तथा कई श्रद्धालुओं ने निकटवर्ती मांडकला सरोवर में स्नान कर पुण्य लाभ अर्जित किया।
दिनभर चला पतंगबाजी का दौर
मकर संक्रांति के अवसर पर सूर्योदय के साथ ही शहरभर में पतंगबाजी का दौर शुरू हो गया। छतों पर डीजे साउंड पर फिल्मी एवं धार्मिक गीतों के बीच युवाओं, बच्चों और युवतियों में पतंग उड़ाने का खास उत्साह देखने को मिला। दिनभर “वो काटा”, “वो मारा” की आवाजों से आसमान गूंजता रहा और रंग-बिरंगी पतंगों से आकाश ढका नजर आया।
सूर्योदय के साथ ही दिमांशु जांगिड़, मंजीत सैनी, नमो चौधरी, पीयूष जांगिड़, अर्जुन गुर्जर, जतिन जांगिड़ सहित सैकड़ों युवा अपने घरों की छतों पर पहुंच गए और पतंगबाजी में जुट गए।
गोसेवकों ने दिनभर क्षेत्र में घूम-घूमकर धार्मिक प्रवृत्ति के लोगों से संपर्क कर गौशालाओं के लिए धनराशि एकत्रित की। वहीं श्रद्धालु महिलाओं ने पवित्र सरोवरों में स्नान कर मंदिरों में भगवान के दर्शन किए। महिलाओं ने सुहागिन महिलाओं को सुहाग की निशानियां एवं विभिन्न वस्तुएं दान कीं तथा बड़ी-बुजुर्ग महिलाओं के चरण स्पर्श कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
क्षेत्र के आसपास के छोटे-बड़े गांवों एवं कस्बों में भी मकर संक्रांति का पर्व समान उत्साह एवं श्रद्धा के साथ मनाए जाने की सूचना प्राप्त हुई है।















































