लापता विवाहिता का शव कुएं में मिला, दहेज हत्या का आरोप

0
90
- Advertisement -

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

उनियारा | निर्मल गुप्ता

उपखंड क्षेत्र के ठिकरिया जाटान गांव में दो दिन से लापता 26 वर्षीय विवाहिता का शव शुक्रवार सुबह एक खेत में बने कुएं में मिलने से सनसनी फैल गई। मृतका के पीहर पक्ष ने पति, ससुर और जेठानी पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने, हत्या कर शव कुएं में फेंकने तथा साक्ष्य मिटाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

थाना प्रभारी कप्तान सिंह ने बताया कि सदर थाना क्षेत्र के हरचनेड़ा निवासी विनोद कुमार ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उसकी बहन खुशबू (26) का विवाह करीब 13 माह पूर्व ठिकरिया जाटान निवासी हंसराज के साथ हुआ था। विवाह के बाद से ही पति, ससुर और जेठानी द्वारा दहेज में कार की मांग को लेकर प्रताड़ित किए जाने का आरोप लगाया गया है।

परिजनों के अनुसार खुशबू बुधवार दोपहर से लापता थी। काफी तलाश के बाद भी कोई सुराग नहीं मिलने पर 11 जून को उनियारा थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी। पुलिस उसकी तलाश कर रही थी, तभी शुक्रवार सुबह गांव के समीप एक खेत में बने कुएं में महिला का शव तैरता हुआ दिखाई दिया।

सूचना पर उनियारा थाना पुलिस और बनेठा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से करीब 70 फीट गहरे कुएं से शव को बाहर निकाला गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए।

मृतका के भाई ने आरोप लगाया है कि दो दिन पहले आरोपितों ने खुशबू की हत्या कर शव को गांव से दूर स्थित कुएं में डाल दिया। परिजनों का दावा है कि जिस कुएं में शव मिला, वह तारबंदी से घिरा हुआ था और गेट पर ताला लगा हुआ था, जिसे तोड़कर शव कुएं में फेंका गया।

शव को पोस्टमार्टम के लिए राजकीय अस्पताल पहुंचाया गया। इस दौरान शव सुपुर्दगी को लेकर पीहर और ससुराल पक्ष के बीच विवाद की स्थिति भी बन गई। प्रशासन और पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में समझाइश के बाद मामला शांत हुआ तथा शव पीहर पक्ष को सौंप दिया गया।

उपखंड अधिकारी पूजा मीणा ने बताया कि विवाहिता के परिजनों द्वारा दर्ज कराई गई रिपोर्ट के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। वहीं थाना प्रभारी कप्तान सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल पुलिस दहेज हत्या, संदिग्ध मृत्यु और अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है।

- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here