लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
राजसमन्द | रिपोर्टर: गौतम शर्मा
राजसमन्द | राजसमन्द जिले की बिनोल पंचायत स्थित सुथारों की भागल में सोमवार रात्रि को कुंवारिया पुलिस द्वारा रात्रि चौपाल का आयोजन किया गया। चौपाल का नेतृत्व पुलिस निरीक्षक रामचंद्र कुमावत ने किया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण, युवा एवं बुजुर्ग मौजूद रहे।
रात्रि चौपाल के दौरान पुलिस निरीक्षक कुमावत ने गांव की सुरक्षा व्यवस्था, संदिग्ध गतिविधियों एवं अपराध नियंत्रण को लेकर ग्रामीणों से विस्तार से संवाद किया। उन्होंने कहा कि यदि गांव में कोई संदिग्ध व्यक्ति अथवा गतिविधि नजर आती है तो तुरंत पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
रात्रि के समय पुलिस के अचानक सुथारों की भागल पहुंचने पर ग्रामीण प्रारंभ में चौंक गए, लेकिन पुलिस द्वारा चौपाल के उद्देश्य की जानकारी देने के बाद गली-मोहल्लों से बड़ी संख्या में लोग एकत्र होकर संवाद में शामिल हुए। थानाधिकारी ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि किसी भी प्रकार की समस्या होने पर वे बिना संकोच सीधे पुलिस से संपर्क कर सकते हैं।
पुलिस निरीक्षक कुमावत ने बताया कि क्षेत्र के अधिकांश लोग रोजगार के सिलसिले में बाहर रहते हैं, ऐसे में पुलिस मित्र योजना एवं सजग पड़ोसी योजना अत्यंत उपयोगी हैं। उन्होंने इन योजनाओं की जानकारी देते हुए ग्रामीणों को रात्रि गश्त एवं सतर्कता में सक्रिय सहयोग के लिए प्रेरित किया, जिस पर ग्रामीणों ने सकारात्मक सहमति व्यक्त की।
रात्रि चौपाल में जितेन्द्र सुथार, सम्पत सुथार, प्रकाश सुथार, गोटूलाल सुथार, बालूलाल सुथार, रमेश गाडरी, हिरालाल गाडरी, गोपाल सिंह राठौड़, शंभूलाल सुथार सहित अन्य ग्रामीण एवं पुलिस जाप्ता उपस्थित रहा।















































