लोक टुडे न्युज़ नेटवर्क
कठूमर (अलवर)। संवाददाता — संजीव बंसल
लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में शुक्रवार को कठूमर में “राष्ट्रीय एकता दौड़” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के तहत पुलिस ने “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” का संदेश देते हुए नगर में एकता और भाईचारे का आह्वान किया।
कठूमर थाना प्रभारी सीआई महेश तिवारी ने बताया कि राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर आयोजित इस दौड़ का उद्देश्य समाज में एकता, सद्भाव और राष्ट्रीय अखंडता को बढ़ावा देना है। दौड़ की शुरुआत लक्ष्मणगढ़ बस स्टैंड से हुई, जो गंगा मंदिर सर्किल, अहिंसा सर्किल, एसडीएम कार्यालय होते हुए तुसारी मोड़ तक संपन्न हुई।
इस राष्ट्रीय एकता दौड़ मैराथन में पुलिस कर्मियों, सीएलजी सदस्यों, पुलिस मित्रों, और ग्राम रक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सभी ने देश की एकता और अखंडता को बनाए रखने का संकल्प लिया।