लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
आबूराज को मिलेंगी 100 करोड़ से अधिक की विकास सौगातें
आबूराज/जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने आबूराज के पर्यटन, आध्यात्मिक और पर्यावरणीय महत्व को ध्यान में रखते हुए इसके सर्वांगीण विकास के लिए व्यापक ब्लूप्रिंट तैयार करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने विकास कार्यों को आपसी समन्वय के साथ तय समयसीमा में पूरा करने तथा उनकी नियमित मॉनिटरिंग के लिए संभागीय आयुक्त और मुख्य सचिव को जिम्मेदारी सौंपी।
रविवार को आबूराज में आयोजित आबूपर्वत विकास समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि शहर में शहरी विकास, सड़क, पार्किंग और आवागमन की विश्वस्तरीय सुविधाएं विकसित की जाएंगी, जिससे पर्यटन को नई गति मिलेगी और अधिक से अधिक पर्यटक यहां आकर्षित होंगे।
नक्की झील और धार्मिक स्थलों के विकास पर विशेष जोर
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को नक्की झील के सौंदर्यीकरण, बेहतर प्रकाश व्यवस्था, रंग-रोगन, सीढ़ियों की मरम्मत, सीवरेज व्यवस्था सहित विभिन्न विकास कार्यों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आबूराज ऋषि-मुनियों की तपोभूमि है, इसलिए धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए यहां स्थित मंदिरों का सूचीकरण किया जाए।
क्लीन-ग्रीन और अतिक्रमण मुक्त बनेगा आबूराज
मुख्यमंत्री ने आबूराज को क्लीन एवं ग्रीन सिटी के रूप में विकसित करने पर जोर देते हुए स्वच्छता बनाए रखने और अतिक्रमण मुक्त शहर बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की सांस्कृतिक और पर्यावरणीय विशेषताओं को संरक्षित रखते हुए टोकन प्रणाली को पूरी पारदर्शिता के साथ ऑनलाइन लागू किया जाए तथा निर्माण सामग्री के आवागमन पर प्रभावी निगरानी रखी जाए।
‘विकास भी, विरासत भी’ के मूल मंत्र पर होगा विकास
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ‘विकास भी, विरासत भी’ के सिद्धांत पर प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। इसके तहत विवेकानंद पार्क का सौंदर्यीकरण, गुरु शिखर का सुदृढ़ीकरण एवं विकास, अर्बुदा माता मंदिर और दत्तात्रेय मंदिर के विकास कार्य, ईवी वाहनों को बढ़ावा तथा भारत माता नमन स्थल को नमो उद्यान के रूप में विकसित करने सहित 100 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न परियोजनाओं पर कार्य किया जाएगा।
बैठक में मुख्यमंत्री ने पूर्व बैठकों में दिए गए निर्देशों की प्रगति की समीक्षा करते हुए कहा कि आबूपर्वत विकास समिति की नियमित बैठकें आयोजित की जाएंगी, ताकि विकास कार्यों की निरंतर निगरानी और प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित हो सके।
इससे पूर्व मुख्यमंत्री ने आबूराज में प्रस्तावित विकास परियोजनाओं पर आधारित प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया।
बैठक में पंचायतीराज राज्य मंत्री ओटा राम देवासी, उद्योग एवं वाणिज्य राज्य मंत्री केके विश्नोई, सांसद मदन राठौड़, सांसद लुंबाराम चौधरी, विधायक समाराम, मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास, अतिरिक्त मुख्य सचिव (वन एवं पर्यावरण) आनंद कुमार, अतिरिक्त मुख्य सचिव (नगरीय विकास) आलोक गुप्ता, स्वायत्त शासन विभाग के शासन सचिव रवि जैन, पर्यटन विभाग की शासन सचिव शुचि त्यागी सहित जनप्रतिनिधि एवं वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। संबंधित मंत्री एवं विभागीय अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक से जुड़े।