Home latest पीसांगन और रामपुरा डाबला में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर विशेष योग शिविर 

पीसांगन और रामपुरा डाबला में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर विशेष योग शिविर 

0

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

पीसांगन (अजमेर)। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर उपखंड मुख्यालय पीसांगन सहित उपखंड क्षेत्र की 23 ग्राम पंचायतों और ग्रामीण क्षेत्र रामपुरा डाबला में रविवार सुबह 7 से 8 बजे तक विशेष योग शिविरों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन उपखंड अधिकारी राजीव बड़गूजर के निर्देशन में किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों, विद्यार्थियों, कार्मिकों और पंचायत प्रतिनिधियों ने भाग लेकर सामूहिक योगाभ्यास किया।

रामपुरा डाबला में ग्राम पंचायत प्रशासक सीमा चौधरी की मौजूदगी तथा पीईईओ दीपिका वैष्णव के सानिध्य में आयोजित शिविर में शारीरिक शिक्षक रविंद्र सिंह चौधरी ने प्रतिभागियों को ताड़ासन, वृक्षासन, भुजंगासन, शवासन सहित विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान की विधियों का अभ्यास कराया। उन्होंने नियमित योग को तनावमुक्त और स्वस्थ जीवन का आधार बताते हुए इसे दैनिक दिनचर्या में शामिल करने की अपील की।

ग्राम पंचायत प्रशासक सीमा चौधरी ने कहा कि योग भारत की 5,000 वर्ष पुरानी सांस्कृतिक धरोहर है, जो आज वैश्विक स्तर पर स्वस्थ जीवनशैली का प्रतीक बन चुका है। योग शरीर, मन और आत्मा के संतुलन का माध्यम है तथा बेहतर स्वास्थ्य और मानसिक शांति की राह प्रशस्त करता है।

पीईईओ दीपिका वैष्णव ने बताया कि वर्ष 2026 के अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की थीम “स्वस्थ आयु के लिए योग” (Yoga for Healthy Ageing) है, जिसका उद्देश्य बढ़ती उम्र में शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक स्वास्थ्य को संतुलित रखते हुए सक्रिय जीवनशैली को बढ़ावा देना है।

कार्यक्रम में पीईओ दीपिका वैष्णव, प्राध्यापक रामपाल रेगर, पुष्करलाल कुमावत, शोभा शर्मा, मनीष जाटोलिया, एएनएम सीमा अहलावत, दीपिका चौधरी, अमरुद्दीन लौहार, अबरार अहमद, जरीना बानो सहित शिक्षकगण, विद्यार्थी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version