Home latest पक्षियों के लिए बना आश्रय धाम, हजारों जीवों को मिलेगा सुरक्षित बसेरा...

पक्षियों के लिए बना आश्रय धाम, हजारों जीवों को मिलेगा सुरक्षित बसेरा : रामकुमार भूतड़ा

0

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

हिन्दास कलां में पक्षी गृह का लोकार्पण, पर्यावरण संरक्षण और जीव सेवा का दिया संदेश

पादूकलां। बदलते पर्यावरणीय हालात और पक्षियों के घटते प्राकृतिक आवासों के बीच ग्राम हिन्दास कलां में पक्षी संरक्षण की दिशा में एक प्रेरणादायी पहल साकार हुई। पर्यावरण प्रेमी ठाकुर शैतानसिंह सोनीगरा परिवार द्वारा निर्मित पक्षी गृह (आश्रय धाम) का रविवार को भाजपा के पूर्व प्रदेश कोषाध्यक्ष रामकुमार भूतड़ा, बडायली सरपंच अभयसिंह भैंसड़ा, उद्योगपति सुभाष नवाल तथा ईडवा सरपंच शिवप्रतापसिंह ईडवा ने फीता काटकर लोकार्पण किया।

लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि रामकुमार भूतड़ा ने कहा कि बेजुबान पक्षियों के लिए सुरक्षित आश्रय तैयार करना हजारों घर बनाने के समान पुण्य का कार्य है। पक्षी अपनी भूख, प्यास और पीड़ा को शब्दों में व्यक्त नहीं कर सकते, इसलिए उनके लिए दाना-पानी और सुरक्षित बसेरे की व्यवस्था करना मानवता की सच्ची सेवा है।

उन्होंने कहा कि जीवन में केवल धन अर्जित करना ही बड़ी उपलब्धि नहीं है, बल्कि ऐसे कार्य करना अधिक महत्वपूर्ण है जो समाज और आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बनें। उन्होंने बताया कि वे एक साधारण परिवार से हैं और पिछले करीब 58 वर्षों से समाज व संगठन की सेवा में सक्रिय हैं। व्यक्ति अपने पीछे संपत्ति नहीं, बल्कि अपने अच्छे कार्यों और कीर्ति की पहचान छोड़कर जाता है।

भूतड़ा ने पक्षी गृह निर्माण के लिए शैतानसिंह सोनीगरा परिवार की सराहना करते हुए इसे पर्यावरण संरक्षण और जीवों के प्रति संवेदनशीलता का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे अभयसिंह भैंसड़ा ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में इस प्रकार की पहल समाज के लिए अनुकरणीय है। विशिष्ट अतिथि सुभाष नवाल ने प्रकृति एवं जीव-जंतुओं की रक्षा को प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी बताया, जबकि शिवप्रतापसिंह ईडवा ने पक्षी संरक्षण को पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए आवश्यक बताया।

समारोह में उपस्थित ग्रामीणों एवं गणमान्य नागरिकों ने पक्षी गृह का अवलोकन कर इस पहल की सराहना की। वक्ताओं ने कहा कि इस आश्रय धाम के माध्यम से हजारों पक्षियों को सुरक्षित बसेरा और वर्षभर दाना-पानी की सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।

कार्यक्रम में अतिथियों का साफा एवं माल्यार्पण कर सम्मान किया गया। इस अवसर पर ठाकुर हनुमान सिंह, सोहन सिंह सोनीगरा, गोविंद सिंह, चैन सिंह, रूप सिंह, रघुवीर सिंह, कंवर धीरेंद्र सिंह सोनीगरा, केशव सिंह, चेनाराम मेघवाल, भभूतराम मेघवाल, दौलत सिंह, घीसू सिंह, हुकमाराम चौधरी, गवारडी के पूर्व सरपंच जोगाराम चौधरी, इंद्र सिंह, सुगन सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी, युवा और महिलाएं उपस्थित रहीं।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version