लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
झालावाड़
जिला कलेक्ट्रेट सभागार में शनिवार को विभिन्न फ्लैगशिप योजनाओं की प्रगति एवं लंबित प्रकरणों के निस्तारण को लेकर महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक की अध्यक्षता माननीय राज्यमंत्री ओटाराम देवासी, ग्रामीण विकास, पंचायतीराज, आपदा प्रबंधन, सहायता एवं नागरिक सुरक्षा विभाग द्वारा की गई।
बैठक में डग विधायक कालूराम मेघवाल, मनोहरथाना विधायक गोविन्द रानीपुरिया, खानपुर के पूर्व विधायक नरेन्द्र नागर सहित जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में सबसे पहले अतिवृष्टि से प्रभावित किसानों एवं व्यक्तियों को मुआवजा भुगतान की स्थिति पर चर्चा की गई। राज्यमंत्री देवासी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि लंबित प्रकरणों का त्वरित निस्तारण किया जाए और पात्र लाभार्थियों को समय पर सहायता राशि प्रदान की जाए।
इसके साथ ही गिरदावरी कार्य को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए गए, ताकि फसलों की सही स्थिति दर्ज हो सके और किसानों को योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके। उन्होंने यह भी कहा कि मरम्मत कार्यों की प्रगति रिपोर्ट नियमित रूप से प्रस्तुत की जाए और जिन कार्यों में देरी हो रही है, उन्हें प्राथमिकता से निपटाया जाए।
बैठक में उर्वरक उपलब्धता एवं वितरण की समीक्षा भी की गई। मंत्री ने निर्देश दिया कि जिले के किसानों को उर्वरक की कमी नहीं होने दी जाएगी और आपूर्ति व्यवस्था पर विशेष नजर रखी जाए। साथ ही भू-आवंटन से जुड़े लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण पर जोर दिया गया, ताकि आमजन को राहत मिल सके।
अंत में मंत्री देवासी ने कहा कि सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, यह हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों से अपेक्षा जताई कि वे संवेदनशीलता के साथ जनता की समस्याओं का समाधान करें।
