Home agriculture गंगधार में मूसलाधार बारिश से सोयाबीन की फसल चौपट

गंगधार में मूसलाधार बारिश से सोयाबीन की फसल चौपट

0

लोक टुडे न्यूज नेटवर्क

झालावाड़। जिले के गंगधार उपखंड क्षेत्र में पिछले दो दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश किसानों के लिए आफत बनकर बरसी। लगातार तेज वर्षा से खेतों में खड़ी और कटी पड़ी सोयाबीन की फसल पूरी तरह से बर्बाद हो गई है। किसानों का कहना है कि बीती रात भी क्षेत्र में जबरदस्त बरसात हुई, जिससे खेतों में पानी भर गया और फसलें चौपट हो गईं।

किसानों के अनुसार इस बार सोयाबीन की पैदावार बेहद कम रही। सामान्यतः प्रति बीघा अच्छी पैदावार होती है, लेकिन इस बार उत्पादन केवल 60 किलो से लेकर 1 क्विंटल प्रति बीघा ही निकल रहा है। इतनी कम उपज से न तो उत्पादन लागत निकल रही है और न ही परिवार के भरण-पोषण के लिए आय हो पा रही है। किसानों ने बताया कि बीज, खाद, दवा और सिंचाई पर पहले ही भारी खर्च हो चुका है, ऐसे में अब भारी नुकसान की भरपाई करना संभव नहीं है।

ग्रामीणों का कहना है कि लगातार दो दिनों से हो रही भारी बारिश ने खेतों में खड़ी फसल को जड़ से उखाड़ दिया है। कई जगह कटी पड़ी फसल बह गई या सड़ने लगी है। इससे किसानों की सालभर की मेहनत पर पानी फिर गया है।

किसानों ने जिला प्रशासन और राज्य सरकार से मांग की है कि उन्हें फसल बीमा योजना के तहत क्लेम राशि शीघ्र उपलब्ध करवाई जाए। साथ ही प्राकृतिक आपदा से हुए नुकसान के मद्देनजर विशेष मुआवजा दिया जाए, ताकि परिवार का पालन-पोषण सुचारु रूप से हो सके।

किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ही राहत की घोषणा नहीं की गई तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे। फिलहाल गंगधार क्षेत्र के सैकड़ों किसान प्रशासन की ओर टकटकी लगाए बैठे हैं।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version