लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा बोले— आध्यात्मिक चेतना से ही राष्ट्र निर्माण संभव
जयपुर । राजधानी जयपुर में जैन इंटरनेशनल ट्रेड ऑर्गेनाइजेशन (जीटो) द्वारा टाउन रिप्रेजेंटेटिव नेशनल कॉन्क्लेव एवं विश्व नवकार महामंत्र दिवस 2.0 कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि समाज और राष्ट्र को आगे बढ़ाने के लिए आध्यात्मिक चेतना अत्यंत आवश्यक है। जैन समुदाय की ‘ध्यान, तपस्या एवं आत्मचिंतन की परंपरा’ ने पूरे विश्व को मार्गदर्शन प्रदान किया है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के विकास को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए प्रतिबद्ध है और इसमें जैन समाज सहित सभी समाजों की सक्रिय साझेदारी जरूरी है। मुख्यमंत्री ने मूल्य आधारित नेतृत्व, सामाजिक एकता और आध्यात्मिक चेतना को भारत के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला बताया।
पारदर्शिता और नैतिकता को दें प्राथमिकता
मुख्यमंत्री ने कहा कि निर्णय लेते समय ईमानदारी, पारदर्शिता, जनसेवा और नैतिकता को सर्वोच्च प्राथमिकता देनी चाहिए। उन्होंने कर्तव्यबोध को सर्वोपरि रखते हुए संवेदनशीलता के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि जैन समाज ने सदियों से भारतीय सभ्यता और संस्कृति को समृद्ध किया है। अहिंसा, करुणा और सत्य जैसे मूल्यों के माध्यम से समाज ने राष्ट्र निर्माण में अतुलनीय योगदान दिया है। भगवान महावीर स्वामी की अहिंसा की शिक्षा और ज्ञान परंपरा ने ‘जियो और जीने दो’ का अमर संदेश दिया है।
‘विकसित भारत 2047’ की ओर अग्रसर देश
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत ‘विकसित भारत 2047’ के लक्ष्य की ओर तेजी से बढ़ रहा है। वर्ष 2014 में भारत की अर्थव्यवस्था विश्व में 11वें स्थान पर थी, जो अब चौथे स्थान पर पहुंच चुकी है और शीघ्र ही तीसरे स्थान पर पहुंचने की दिशा में अग्रसर है। उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में जैन समाज की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
नवकार महामंत्र का सार्वभौमिक संदेश
मुख्यमंत्री ने कहा कि नवकार महामंत्र केवल जैन धर्म का मंत्र नहीं, बल्कि संपूर्ण मानवता को अहिंसा, करुणा, ज्ञान और आत्मशुद्धि का मार्ग दिखाने वाला सार्वभौमिक संदेश है। उन्होंने इसकी दिव्य ऊर्जा से विश्व में शांति, सद्भाव और कल्याण की कामना की।
कार्यक्रम से पूर्व मुख्यमंत्री ने विश्व नवकार महामंत्र दिवस 2.0 के प्रचार-प्रसार हेतु रथों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस अवसर पर जीटो अध्यक्ष पृथ्वीराज कोठारी, उपाध्यक्ष हिमांशु जे शाह, सचिव महावीर चपलोत, जयपुर चैप्टर की चेयरपर्सन सलोनी जैन सहित विभिन्न चैप्टर्स के पदाधिकारी, बड़ी संख्या में महिला एवं युवा उद्यमी उपस्थित रहे।














































